भारतीय जनता पार्टी (BJP) विधायक महेश नेगी की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। यौन शोषण के एक मामले में अदालत ने महेश नेगी और उनकी पत्नी पर केस दर्ज करने का आदेश पुलिस को दिया है। एडिशन चफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट (एसीजएम), देहरादून ने नेहरू कॉलोनी पुलिस स्टेशन को इस मामले में केस दर्ज करने और बीजेपी विधायक के खिलाफ यौन शोषण के मामले में जांच शुरू करने के लिए कहा है।

यौन शोषण की शिकार पीड़िता के वकील ने बताया है कि पीड़िता ने इस संबंध में जो याचिका दायर की है उसमें भाजपा विधायक को यौन शोषण का आरोपी बनाया गया है। जबकि विधायक की पत्नी पर आरोप है कि उन्होंने इस मामले को रफा-दफा करने के लिए पीड़िता को पैसों का ऑफर किया था।

अदालत द्वारा आदेश मिलने के बाद उत्तराखंड के डीजी लॉ एंड ऑर्डर अशोक कुमार ने कहा कि पुलिस अदालत के आदेश को फॉलो करेगी। आपको बता दें कि इससे पहले नैनीताल हाईकोर्ट ने बीजेपी विधायक महेश नेगी की गिफ्तारी पर रोक लगा दी थी।

आपको बता दें कि उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के द्वाराहाट सीट से भाजपा विधायक महेश नेगी पर कुछ दिनों पहले एक महिला ने संगीन आरोप लगाए थे। पीड़िता ने एक वीडियो जारी कर कहा था कि महेश नेगी ने 2 साल तक उनका यौन शोषण किया। महिला का दावा है कि उसकी बेटी के पिता महेश नेगी हैं और पीड़िता ने इसके लिए DNA टेस्ट करवाने की खुली चुनौती भी दी थी।

इस मामले में हंगामा मचने के बाद भाजपा विधायक की पत्नी ने महिला पर आऱोप लगाया था कि वो विधायक और उन्हें ब्लैकमेल कर रही है। विधायक की पत्नी ने आरोप लगाते हुए कहा था कि महिला इस मामले को रफा-दफा करने के लिए 5 करोड़ रुपए मांग रही है और नहीं देने पर विधायक तथा उनके पूरे परिवार को बदनाम करने की धमकी भी दे रही है।

बहरहाल अब इस मामले में केस दर्ज करने और जांच शुरू करने का आदेश मिलने के बाद पुलिस ने इसकी तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस इस मामले में अलग-अलग एंगल से जांच कर सच्चाई का पता लगाने में जुटी हुई है।