Subhash Munda Murder in Ranchi: झारखंड की राजधानी रांची में बुधवार शाम अज्ञात बदमाशों ने भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के नेता सुभाष मुंडा (Subhash Munda) की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि यह घटना रांची के दलादली चौक पर शाम सात से आठ बजे के बीच हुई। उस वक्त सुभाष मुंडा अपने कार्यालय में थे।

माकपा के प्रदेश सचिव प्रकाश विप्लव ने बताया कि मोटरसाइकिल पर आए बदमाशों ने मुंडा पर सात गोलियां चलाईं। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि घटना के बाद गुस्साएं स्थानीय लोगों ने इलाके की दुकानों में तोड़फोड़ की और सड़क पर यातायात अवरुद्ध कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पहुंच गई। इस मामले में रांची के एसपी किशोर कौशल ने कहा कि विशेष जांच दल का गठन किया है और सभी एंगल से मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

वहीं राजेश्वर नाथ आलोक, एडीएम (कानून एवं व्यवस्था) रांची का कहना है कि अभी शांतिपूर्ण माहौल है। सुभाष मुंडा की हत्या के बाद लोगों ने विरोध-प्रदर्शन कर रोड जाम कर दिया था। लोगों की मांग है कि अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। हम लोगों से बातचीत कर रहे हैं। पुलिस अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने का काम कर रही है।

जिस वक्त घटना हुई सुभाष मुंडा अपने ऑफिस में बैठे थे। तभी बदमाश बाइक पर सवार होकर आए और मुंडा पर बंदूक से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जिससे मुंडा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी होते ही लोगों के अंदर आक्रोश फैल गया। वे सड़क पर उतरकर उग्र प्रदर्शन करने लगे। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को आश्वासन दिया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसके बाद मामला शांत हुआ। फिलहाल हमलावरों की तलाशी की जा रही है।