देश भर में राजनेताओं से जुड़े ऐसे कई स्कैंडल्स सामने आए, जिसकी वजह से सियासी गलियारों में बड़ा भूचाल आ गया था। आज बात देश के उन चर्चित स्कैंडल्स की जिनके चलते किसी मंत्री को इस्तीफा देकर जेल जाना पड़ा तो कोई इन स्कैंडल्स के कारण प्रधानमंत्री बनते-बनते रह गया। देश में समय-समय पर सामने आए इन स्कैंडल्स ने नेताओं की छवि के साथ देश की राजनीति पर गहरा धब्बा लगाया था।

बाबूलाल नागर सेक्स स्कैंडल: साल 2013 में सामने आए इस कांड में जयपुर की एक महिला ने तत्कालीन मंत्री बाबूलाल नागर पर यौन शोषण का आरोप लगाया था। महिला ने कहा था कि मंत्री ने सरकारी नौकरी दिलाने के बहाने उसका शोषण किया था। मंत्री पर आरोप यह भी था कि उन्होंने महिला को धमकी भी थी। मुकदमा दर्ज होने के बाद नागर को इस्तीफा देना पड़ा और लम्बे समय तक जेल में रहे। हालांकि, बाद में कोर्ट ने बाबूलाल नागर को बरी कर दिया था।

गोपाल कांडा केस: इस मामले में हरियाणा के पूर्व मंत्री गोपाल कांडा पर एयरहोस्टेस गीतिका शर्मा के साथ यौन शोषण का आरोप लगा था। गीतिका शर्मा, कांडा के एमएलडीआर एयरलाइंस से जुड़ी थी और साल 2012 में आत्महत्या कर ली थी। गीतिका ने अपने सुसाइड नोट में गोपाल कांडा पर आरोप लगाए थे, जिसके बाद कांडा को इस्तीफा देना पड़ा था। हालांकि, साल 2014 में दिल्ली हाई कोर्ट ने आरोप निरस्त होने के बाद कांडा को बरी कर दिया था।

https://youtu.be/MoNuwiySqzg

सुरेश राम स्कैंडल: साल 1978 में मोरारजी देसाई की सरकार में जगजीवन राम रक्षा मंत्री थे। माना जा रहा था कि वह देश के पहले दलित प्रधानमंत्री बनेंगे लेकिन तभी उनके बेटे सुरेश राम का नाम सेक्स स्कैंडल में आ गया। इस मामले में जगजीवन राम के बेटे सुरेश राम की अंतरंग तस्वीरें एक महिला के साथ सूर्या मैगजीन में छप गई थी। खास बात यह थी कि जिस मैगजीन ने यह तस्वीर छापी थी, उसकी एडिटर मेनका गांधी हुआ करती थी।

महिपाल मदेरणा सेक्स स्कैंडल: साल 2011 में कांग्रेस की सरकार में जल संसाधन मंत्री महिपाल मदेरणा और भंवरी देवी की अश्लील सीडी सामने आई थी। भंवरी देवी एएनएम थी लेकिन इस कांड के बाद ही वह गायब हो गई थी। कुछ दिनों बाद भंवरी देवी की हत्या कर उसकी लाश को जला दिया गया था। बताया जाता है कि भंवरी देवी इस सीडी के बदले धमका रही थी और पैसों का सौदा करना चाहती थी। इस कांड के मीडिया में चर्चा के बाद मदेरणा को गिरफ्तार कर सरकार से हटा दिया गया था।

एनडी तिवारी स्कैंडल: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, यूपी व उत्तराखंड के पूर्व सीएम रह चुके नारायण दत्त तिवारी कभी भारतीय सियासत में ताकतवर राजनेता माने जाते थे। जब साल 2009 में एनडी तिवारी आंध्रप्रदेश के राज्यपाल हुआ करते थे तो इसी साल न्यूज चैनलों में एनडी तिवारी की कथित सेक्स सीडी सामने आई थी। जिसमें नारायण दत्त तिवारी तीन महिलाओं के साथ आपत्तिजनक अवस्था में दिखे थे। सीडी के सामने आने के बाद देश भर में हड़कंप मच गया था। इस कांड के बाद एनडी तिवारी को इस्तीफा देना पड़ा था। वहीं, साल 2012 में एनडी तिवारी चर्चा में फिर से तब आए जब डीएनए रिपोर्ट में तिवारी को रोहित शेखर का पिता बताया गया था।