छत्तीसगढ़ के कोरबा में कलेक्टर ऑफिस में ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल की गोली लगने से मौत हो गई। गोली उसके सीने में लगी थी। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। हालांकि अभी किसी को यह खबर नहीं है कि गोली कब और कैसे लगी। किसी को यह भी जानकारी नहीं है कि यह हत्या है या आत्महत्या… बस इतना पता है कि कांस्टेबल की मौत संदिग्ध हालात में हुई है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

सीने में गोली लगने से हुई मौत

दरअसल, कांस्टेबल कलेक्टर ऑफिस के वीवीएम और वीवीपेट वेयर हाउस की सुरक्षा में तैनात था। उसका शव मिलने से सनसनी फैल गई। उसके सीने में गोली लगी हुई थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है कि यह हत्या है या आत्महत्या? पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, कांस्टेबल का नाम ललित सोनवानी है। वह 28 साल का था। उसकी पोस्टिंग पुलिस लाइन में थी। पिछले कुछ दिनों से वह कलेक्टर ऑफिस के वीवीएम और वीवी पेट वेयर हाउस में तैनात था।

सोमवार के दिन भी वह 02 बजे से रात 08 की शिफ्ट में था। दो बजे वह ड्यूटी पर पहुंच गया था। जब रात 08 बजे आरपीएफ का कांस्टेबल ड्यूटी पर पहुंचा तो देखा कि ललित सोनवानी मृत हालत में पड़ा था। उसने फौरन इसकी सूचना अपने अधिकारी को दी। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस लाइन के प्रभारी आरआई अनथराम पैकरा को दी गई। पैकरा ने क्षेत्रीय पुलिस थाना सिविल लाइन को मामले की जानकारी दी। जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। घटना स्थल पर बड़ी संख्या में पुलिस पहुंची। जिला पुलिस अधीक्षक यू. उदय किरण भी घटना स्थल पर पहुंचे मामले की जानकारी ली।

परिजन के आने के बाद होगा पोस्टमार्टम

कांस्टेबल जांजगीर चाम्पा जिले का रहने वाला था। उसके परिजन को सूचना दी गई। फिलहाल पुलिस ने गार्डरूम को सुरक्षा में ले लिया है। कांस्टेबल के शव का परीक्षण उसके परिवार के सदस्यों के आने के बाद किया जाएगा। फिलहाल पुलिस ने कुछ भी कहने से मना कर दिया है। पुलिस का कहना है कि पूरी जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। मृतक का मौसेरा भाई भी सत्यनारायण कुर्रे कलेक्टर कार्यालय में चौकीदार है। उसका कहना है कि उसके मौसा ने फोन कर उसे घटना की जानकारी दी। जब वह मौके पर पहुंचा तो देखा कि ललित को सीने में गोली लगी थी। उसकी मौत हो चुकी थी। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।