उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहां एक पांच सितारा होटल के हाउसकीपिंग डिपार्टमेंट में काम करने वाली 24 वर्षीय एक महिला के साथ 15 वर्षीय लड़के ने कथित तौर पर बलात्कार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी मूलतः छत्तीसगढ़ का है और कंस्ट्रक्शन कारोबार से जुड़े एक संपन्न परिवार का लड़का है।

देहरादून में अपने पति के साथ रहने वाली महिला ने कहा कि उसके साथ एक वॉशरूम में बलात्कार किया गया और बाद में लड़के के पिता ने “मामले को रफा-दफा करने” के लिए पैसे की पेशकश की। हालांकि, पुलिस शिकायत के बाद लड़के को गिरफ्तार कर लिया गया है। सब-इंस्पेक्टर शशि पुरोहित के अनुसार, घटना शुक्रवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे की है।

टीओआई की रिपोर्ट के मुताबिक, पीड़िता घटना के वक्त वाशरूम में थी और उसने अपना फोन चार्जिंग में लगा रखा था। इसी दौरान लड़का अंदर आया और उसने दरवाजा बंद कर दिया। फिर लड़के ने उसके साथ बलात्कार किया और चला गया। सब-इंस्पेक्टर शशि पुरोहित ने कहा कि घटना की सूचना के बाद आरोपी को पकड़ लिया गया था। साथ ही मेडिकल जांच से साबित हो गया है कि महिला के साथ बलात्कार किया गया था।

पीड़िता ने बताया कि जब घटना के बारे में मैंने लड़के से परिवार से बात की तो उन्होंने मामले के निपटारे के लिए पैसे और बड़े अस्पताल में पैसे की पेशकश की। मामले में जांच की जानकारी रखने वाले एक अधिकारी ने कहा कि लड़के ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। अधिकारी ने कहा, लड़का पूछताछ के दौरान लगातार रोता रहा और कहा कि उसने गलती की है, जिसका अब पछतावा है।

डिलीवरी बॉय ने महिला को भेजे मैसेज: एक अन्य घटना में महिला को ऑनलाइन फूड डिलीवरी कंपनी स्विगी से ऑर्डर करना भारी पड़ गया। दरअसल, डिलीवरी बॉय को महिला का नंबर मिल गया और फिर वह उसे मैसेज भेजने लगा, जिसके बाद महिला ने व्हाट्सएप चैट के स्क्रीनशॉट लेकर ट्विटर पर ट्वीट कर दिया। साथ ही कंपनी से भी सवाल पूछ लिया।

यह मामला सामने आते ही सोशल मीडिया यूजर स्विगी पर भड़क उठे। महिला ने डिलीवरी बॉय पर परेशान करने का आरोप लगाया, क्योंकि वह लगातार मैसेज कर लिख रहा था- मैं आपको बहुत ज्यादा याद कर रहा हूं। आप बहुत खूबसूरत हैं…आदि..इत्यादि। हालांकि, कंपनी ने अब इस डिलीवरी बॉय की सेवा से छुट्टी कर दी है।