छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में एक शख्स ने कथित तौर पर पुलिस स्टेशन के अंदर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान गुरु चरण मंडल के रूप में हुई थी जिसकी पत्नी 29 सितंबर को लापता हो गई थी। घटना से पहले उसने पुलिस पर बर्बरता के आरोप लगाए थे।
पूछताछ के लिए बुलाया गया था पुलिस स्टेशन
बता दें कि गुरु चरण मंडल को उसके पिता के साथ उसकी पत्नी के लापता होने के संबंध में पूछताछ के लिए पुलिस स्टेशन बुलाया गया था। पुलिस अधिकारी के अनुसार, मंडल अपने गले में गमछा लपेट कर टॉयलेट गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। संदिग्ध परिस्थितियों में, बाद में उसे बाथरूम में मरा हुआ पाया गया।
मृतक के पिता ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
इस घटना के बाद मृतक के परिवार ने पुलिस पर शारीरिक शोषण का आरोप लगाया। परिजनों दावा किया कि इसी वजह से उसने आत्महत्या की है। मृतक के पिता शिव चरण मंडल ने मीडिया से कहा, “पिछले 20 दिनों से मेरी बहू लापता है और मैं अपने बेटे के साथ तीन दिनों से हिरासत में हूं। पुलिस ने हमें बेरहमी से पीटा। जब मेरे बेटे को और धमकाया गया तो वह इसे बर्दाश्त नहीं कर सका। बलरामपुर पुलिस की वजह से मैंने अपने बेटे को खो दिया।”
इधर, पुलिस हिरसत में मंडल की मौत की खबर सुनकर स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने पुलिस स्टेशन के बाहर धरना दिया। बाद में तोड़फोड़ कर अपना गुस्सा निकाला।
स्थानीय लोगों ने पुलिस स्टेशन के बाहर किया हंगामा
उन्होंने पुलिस स्टेशन और वाहनों को नुकसान पहुंचाया। प्रदर्शनकारियों ने थाने की खिड़कियों और दरवाज़ों को तोड़ दिया, जिसके बाद पुलिस को शांति बहाल करने के लिए आंसू गैस के गोले दागने पड़े। साथ ही लाठीचार्ज भी करना पड़ा।
अब इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में घटना से आक्रोशित लोग पुलिस से बहस करते और उन्हें खदेड़ते दिख रहे हैं। वहीं एक महिला महिला पुलिसकर्मी के साथ बहस और हाथापाई करते दिख रही है।
घटना के संबंध में बलरामपुर के एसपी शैलेश पांडे ने घटना के संबंध में कहा, “29 सितंबर, 2024 को एक महिला लापता हो गई थी और उसका पति (पीड़ित) और ससुर रिपोर्ट दर्ज कराने थाने आए थे। वे गले में गमछा डालकर वॉशरूम गए और वापस नहीं लौटे। हमने एसपी और आईजी को घटना की जानकारी दे दी है। जो भी जिम्मेदार होगा, उस पर कार्रवाई की जाएगी।” पुलिस अधिकारी ने स्थानीय लोगों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने का आग्रह किया है।