तमिलनाडु से एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है। यहां जेल से एक महिला कैदी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गई। जिसके बाद पुलिस मकहमे में हड़कंप मच गया। रिपोर्ट के अनुसार, 32 साल की फरार महिला कैदी का नाम जयंती है। वह बेंगलुरु की रहने वाली है। उसे गुंडा अधिनियम के तहत हिरासत में लिया गया था। उसे चेन्नई के पुझल में महिलाओं के विशेष जेल में बंद किया गया था। हालांकि वह बुधवार को हिरासत से भाग गई। शाम को जब गिनती हुई तो उसके लापता होने की जानकारी मिली।

महिला कैदी के भागने के बाद जेल को दो वार्डन को सस्पेंड कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस महिला कैदी की तलाश कर रही है। इस खबर से हर कोई हैरान है। लोगों का कहना है कि जेल से कोई महिला कैदी इतनी आसानी से कैसे भाग सकती है।

रिपोर्ट के अनुसार, सेमेनचेरी की रहने वाली जयंति को थोरईपक्कम पुलिस ने चोरी के मामले में गिरफ्तार किया था। पुलिस ने दो महीने पहले उसे जेल में बंद किया था। इसके बाद उसे गुंडा एक्ट के तहत हिरासत में लिया गया था। जानकारी के अनुसार, 2021 में उस पर घरों में चोरी करने का आरोप लगा था। महिला कैदी पर आरोप था कि वह सेमेनचेरी और अरुंबक्कम जैसे इलाकों के घरों में चोरी करती थी।

पहले की विजिटर रूम की सफाई फिर हुई गायब

बुधवार को दो वार्डन के साथ जयंती ने कथित तौर पर विजिटर रूम की सफाई की। इसके बाद जब जेल में अधिकारियों ने शाम को कैदियों की गिनती की तो वह गायब थी। इसके बाद अधिकारियों ने दो वार्डन कनागलक्ष्मी (ग्रेड I) और कोकिला (ग्रेड II) को सस्पेंड कर दिया। फिलहाल महिला कैदी को पकड़ने के लिए दो विशेष टीमें गठित की गई हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि महिला कैदी को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।