इस बहादुर महिला पुलिस अधिकारी ने कई अवार्ड अपने नाम किये हैं। कई बार इन्होंने अपराधियों से खुलेआम पंगा लिया और उन्हें घुटनों पर आने के लिए मजबूर भी कर दिया। खुद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी इस महिला अफसर की साहस की प्रशंसा कर चुके हैं। हम बात कर रहे हैं नाजिया नाज की। बेहतरीन काम की वजह से ही साल 2018 में नाजिया को आगरा का विशेष पुलिस अधिकारी घोषित किया गया था।
उस वक्त नाजिया ने एक लड़की को अपहरण से बचाया था और जुआरियों से लोहा लिया था। सीएम योगी ने उस वक्त कहा था कि ‘आगरा की एक लड़की नाज़िया ने अपने एरिया में एक लड़की का अपहरण होने से बचा लिया, उसने वहां जुआ खेलने पर रोक लगा दी…हमे ऐसी बेटियों से सबक लेना चाहिए।’
बताया जाता है कि नाजिया ने बीए फर्स्ट ईयर की पढ़ाई करते समय आठ साल की बच्ची का अपहरण होने से बचाया था। उन्होंने अपने इलाके में जुआ खेल रहे लोगों को भी रोका था। वीरता पुरस्कार मिलने के बाद नाजिया को पीएम मोदी ने प्यार से लड़ाकू बोला था और आधे घंटे तक बात की थी। नाजिया ने गणतंत्र दिवस की परेड में भी हिस्सा लिया था।
कहा जाता है कि इलाके में सटोरियों के खिलाफ अभियान छेड़ने के बाद नाजिया को धमकी मिलने लगी थीं। अराजक तत्वों ने उन्हें अंजाम भुगतने की धमकी देकर डराना शुरू कर दिया था। उनके पीछा करने पर कुछ लोगों ने स्कूल जाना बंद करने की सलाह दे डाली थी। नाजिया ने उस समय भी हिम्मत नहीं हारी थी। अपनी पढ़ाई जारी रखने के लिए वो बुर्का पहनकर स्कूल गयी। विशेष पुलिस अधिकारी बनने के बाद नाजिया का कहना था कि समाज विरोधी गतिविधि में लिप्त लोगों का डरकर नहीं बल्कि डटकर मुकाबला करेंगी।
इस बहादुर महिला पर एक बार हमला भी हुआ था। करीब 3 साल पहले एक जमीनी विवाद में एडीएम सिटी से मुलाकात करने पहुंची नाजिया खान को एडीएम सिटी ने मौके पर ताजा स्थिति का जायजा लेने के लिए भेज दिया था। मौके पर पहुंची नाजिया खान पर दबंगों ने सरिया और डंडों से हमला कर दिया था। इस हमले का वीडियो भी वायरल हुआ था।
आपको बता दें कि नाजिया ने सामाजिक मुद्दों से जुड़े कई काम किए हैं। इसके लिए नाजिया को राष्ट्रपति की ओर से जीवन रक्षा पदक 2016, प्रधानमंत्री की ओर से राष्ट्रीय वीरता पुरस्कार 2017 और यूपी सरकार की ओर से रानी लक्ष्मी बाई वीरता 2016 पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। बताया जाता है कि अब तक नाजिया को 40 से अधिक पुरस्कार दिए जा चुके हैं।
