परवीन बॉबी, दिव्या भारती, श्रीदेवी, जिया खान और ना जाने ऐसे कितनी ही मशहूर बॉलीवुड अभिनेत्रियां हैं जिनकी अचानक हुई मौत ने सबको दंग कर दिया था। साल 2013 में इसी तरह बॉलीवुड की एक खूबसूरत अभिनेत्री सय्याम खन्ना की लाश उनके घर के अंदर मिली थी। कहा गया था कि उन्होंने घर में ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। यहां आपको बता दें कि सय्याम खन्ना उर्फ मोना खन्ना ने चर्चित फिल्म ‘द हॉन्टेड हाउस’ में काम किया था। इसके अलावा उनकी दूसरी फिल्म ‘द लास्ट हॉरर’ किसी वजह से सिनेमघरों में रिलीज नहीं हो पाई थी।
सय्याम खन्ना की मौत ने उस वक्त बॉलीवुड को सकते में डाल दिया था। उनकी मौत को लेकर कई तरह की बातें कही जाती हैं। कुछ लोग इसे आत्महत्या मानते हैं। तो कई लोग इस मौत को एक मिस्ट्री के तौर पर भी देखते हैं। उस वक्त पुलिस ने कहा था कि आत्महत्या के कारणों को लेकर कोई तथ्य सामने नहीं आया। सय्याम खन्ना देहरादून की रहने वाली थीं। मुंबई में वो बड़ी एक्ट्रेस बनने का सपना लेकर आई थीं। उनकी मौत के बाद उनकी बहन ने कई गंभीर आऱोप लगाए थे। कहा जाता है कि सय्याम खन्ना ने अपनी मौत से पहले अपने ब्वॉयफ्रेंड को अंतिम बार फोन किया था।
सय्याम खन्ना की मौत से कुछ दिनों पहले उनकी बहन भी उनके घर आई हुई थीं। उनकी बहन ने कहा था कि घटना के दिन वो सब्जी लाने गई हुई थीं और उन्हें उनकी बहन ने ही बाहर भेजा था। सय्याम ने अपनी बहन से कहा था कि सब्जी लाने के बाद वो खाना खाकर सो जाए। बहन से उसने यह भी कहा था कि वो सोने जा रही है और वो उसे घर आने के बाद परेशान नहीं करेगी। रिया सब्जी लेकर लौटी। खाना खाने के बाद उसने बहन का हाल लेना चाहा। सय्याम के कमरे से गानों की आवाज आ रही थी। रिया ने सोचा कि गाना बंद कर उसे ढंग से सुला देंगी। जब वो कमरे में गई तो उसके होश उड़ गए। सय्याम का शव पंखे से लटक रहा था।
मौत के बाद सय्याम की बहन ने कहा था कि सय्याम का एक युवक से प्रेम संबंध था। सय्याम की बहन ने बताया था कि उन्हें पूरा भरोसा है कि सय्याम को आत्महत्या के लिए उसके ब्वायफ्रेंड ने ही उकसाया है। उसने पुलिस से सय्याम के ब्वायफ्रेंड के खिलाफ शिकायत भी की थी। रिया का आरोप था कि सय्याम का ब्वायफ्रेंड मशहूर अभिनेता का बेटा था और इसी कारण से पुलिस ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया था।

