दिल्ली की तिहाड़ जेल में कैदियों के बीच हिंसक झड़प की खबर सामने आई है। जेल में दो कैदियों ने अपने वार्ड में बाल कटवाते समय कथित तौर पर नाई की कैंची से एक कैदी पर हमला कर दिया। कैदी की छाती और हाथ पर कैंची से वार किया गया। जेल अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
तिहाड़ जेल के अधिकारियों के अनुसार यह घटना 10 दिसंबर को तिहाड़ के केंद्रीय कारागार संख्या आठ के भीतर हुई। जब दो कैदियों ने अपने वार्ड में नाई से बाल कटवाने के दौरान एक कैदी पर हमला कर दिया। दोनों कैदियों ने नाई की कैंची से कैदी पर हमला किया। दोनों कैदियों ने हाथ और छाती पर कैंची से हमला किया ।
जेल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने जानकारी देते हुए कहा कि खींचतान के दौरान पीड़ित और एक हमलावर घायल हो गए और जेल कर्मचारियों ने उन्हें तुरंत अलग कर दिया। दोनों कैदियों की चोट गंभीर नहीं थी। अधिकारी ने कहा कि घायल कैदियों को इलाज के लिए दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल भेजा गया, जहां से उन्हें उसी दिन छुट्टी दे दी गई और वे वापस जेल लाए गए।
पुलिस के मुताबिक हरि नगर थाने को पीड़ित योगेश के बारे में अस्पताल से सूचना मिली, जिसे अन्य कैदियों द्वारा कथित तौर पर मारपीट में घायल होने के बाद भर्ती कराया गया था। घायल कैदी कोई शिकायत दर्ज नहीं कराना चाहता था। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि हालांकि जेल अधिकारियों से घटना की सूचना मिली थी। अधिकारी ने बताया कि मामले में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पिछले दिनों भी तिहाड़ जेल में हिंसक झड़प की खबर सामने आई थी। जिसमें तीन कैदी घायल हो गए थे। तीनों कैदी के शरीर पर धारदार हथियार से चोट के निशान मिले थे। पुलिस ने इस मामले में आईपीसी की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था।