उसे ‘ब्लैक मैजिक किलर’ के नाम से भी जाना जाता है। वो अपने शिकार को इसलिए मारता था क्योंकि वो ज्यादा से ज्यादा चमत्कारिक शक्तियां हासिल करना चाहता था। वो खुद को जादूगर मानता था और आध्यात्मिक तरीके से लोगों का इलाज करने के नाम पर उन्हें मार देता था। इंडोनेशिया के इस सीरियल किलर का नाम अहमद सुरादजी था। सुरादजी का जन्म सन् 1949 में हुआ। जन्म के करीब 40 साल बाद उसने हत्याओं का यह सिलसिला शुरू किया। इसके बाद अगले 11 सालों में उसने 40 से ज्यादा महिलाओं को मार डाला। साल 2008 में इंडोनेशिया सरकार ने उसे सजा दी थी।
सुरादजी पेशे से एक जादूगर था और कई महिलाएं यह मानती थीं कि वो अपने जादू से उन्हें अमीर और खूबसूरत बना देगा ताकि उन्हें अच्छा बॉयफ्रेंड मिल सके। पकड़े जाने के बाद अहमद सुरदाजी ने बताया था कि ‘एक दिन सपने में उसके पिता जी ने उससे कहा था कि अगर वो 70 महिलाओं की हत्या कर देता है तो वो ज्यादा मजबूत हो जाएगा और उसकी जादूगरी शक्तियां बढ़ जाएंगी।’ पुलिस का मानना है कि सुरदाजी अपने मकसद में कामयाब नहीं हो पाया और 42 लोगों का ही कत्ल कर सका। लेकिन कई लोगों का यह भी मानना है कि उसने 80 से ज्यादा कत्ल किए और पुलिस इन सभी कत्लों का सबूत नहीं जुटा सकी।
जानकारी के मुताबिक सुरदाजी के पास महिलाएं अपनी जिंदगी को बेहतर बनाने के लिए आती थीं। वो पहले इन महिलाओं से उनकी कब्र खोदवाता फिर इलाज के नाम पर उन्हें इस कब्र में जिंदा लिटा कर उसे ढक देता था। दम घुटने से जब महिलाओं की मौत हो जाती तब वो ब्लैक मैजिक किया करता था। कहा जाता है कि वो अपने घऱ के पास स्थित गन्ने की एक खेत में ही महिलाओं की कब्र बनाता था। महिलाओं के मरने के बाद वो उन्हें नग्न करता और उनके सिर को अपने घर की तरफ कर दफना देता था। वो सोचता था कि ऐसा करने से उसकी जादूगरी शक्तियां बढ़ जाएंगी।
वर्ष 1986 से लेकर 1997 तक उसने कई कत्ल किए। एक दिन उसके पड़ोसियों ने गन्ने के खेत में एक लाश देखी और इसकी खबर उन्होंने पुलिस को दे दी। दरअसल पड़ोसियों ने इससे पहले इसी महिला को सुरदाजी के साथ जिंदा देखा था। अधिकारियों ने सुरदाजी के घर की तलाशी ली और यहां महिलाओं के कई सामान मिले। इसके बाद सुरदाजी पकड़ा गया और उसपर मुकदमा चला। करीब 10 साल बाद साल 2008 में फायरिंग स्कवॉयड ने उसे सजा-ए-मौत दी। मरने से पहले उसने एक साक्षात्कार में कहा कि ‘भगवान से ब्लैक मैजिक आता है…मेरे पास ऐसा कुछ नहीं है…मुझे आशा है कि मुझे जिंदा रहने का एक मौका मिलेगा।’
अहमद सुरदाजी ने तीन शादियां की थीं। उसके पकड़े जाने के बाद इनमें से उसकी एक पत्नी को भी सुरदाजाी के अपराधों में मदद के लिए दोषी पाया गया था और उसे उम्रकैद की सजा हुई। खास बात यह है कि अहमद सुरदाजी महिलाओं से दावा करता था कि वो आध्यात्मिक तौर से उनका इलाज करता है और उन्हें वो और भी ज्यादा खूबसूरत बना देगा। इसके लिए वो उनसे पैसे भी लेता था। पैसे मिलने के बाद वो उनकी हत्या कर देता था। (और..CRIME NEWS)

