दिल्ली में रोहिणी के कंझावला इलाके में शुक्रवार ( 28 जून) की सुबह भाजपा की एक स्थानीय कार्यकर्ता और उसके बेटे को कथित रूप से उसके रिश्तेदार ने गोली मार दी। पुलिस ने यह जानकारी दी है। पुलिस ने बताया कि भाजपा महिला मोर्चा बाहरी जिले की सदस्य राज रानी (60) और उसके बेटे नेत्रपाल (35) को गोली लगने के बाद सरोज अस्पताल में भर्ती कराया गया। महिला की हालत स्थिर है जबकि उसका बेटा नाजुक अवस्था में है।

पेट और हाथ में लगी गोलीः राज रानी को पैर में गोली लगी है जबकि उसके बेटे को पेट और हाथ में गोली लगी। पुलिस उपायुक्त (रोहिणी) एस डी मिश्रा ने कहा, “परिवार में संपत्ति को लेकर विवाद है। मां-बेटे को हरियाणा में रहने वाले एक रिश्तेदार ने गोली मारी।” पुलिस ने कहा कि आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसे गिरफ्तार करने के लिए हरियाणा पुलिस से संपर्क किया जाएगा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दिल्ली की चरमराती सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष शीला दीक्षित ने गुरुवार को उपराज्यपाल अनिल बैजल से मुलाकात की। शीला दीक्षित ने उपराज्यपाल से इस संबंध में हस्तक्षेप करने की मांग की। मुलाकात के बाद शीला दीक्षित ने कहा कि उपराज्यपाल ने कानून व्यवस्था पर आधारित उनकी समस्याओं को ध्यान से सुना, साथ ही इन समस्याओं को कैसे नियंत्रित किया जाए, इस संबंध में हमसे सुझाव भी साझा किए।

National Hindi News, 28 June 2019 LIVE Updates: देश-दुनिया की हर खबर पढ़ने के लिए यहां करें क्लिक

बता दें इससे पहले हरियाणा कांग्रेस प्रवक्ता विकास चौधरी की गुरुवार सुबह अज्ञात बदमाशों द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जानकारी के मुताबिक बदमाशों द्वारा कांग्रेस प्रवक्ता पर फरीदाबाद सेक्टर-9 में एक जिम के बाहर हमला किया गया था। विकास को 10 से ज्यादा गोलियां मारी गई थी। इसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।