इधर बिहार के मधुबनी जिले में एक महिला पर आरोप लगा है कि उसने अपने पूरे परिवार को जहर दे दिया। आरोप है कि महिला ने अपनी सास, देवर औऱ तीन बच्चों को जहर दिया है। बताया जा रहा है कि इस महिला ने चाय में जहर मिलाकर घऱ के सभी सदस्यों को दिया और फिर धीरे-धीरे सभी की तबीयत खराब हो गई। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी कहा जा रहा है कि महिला ने खुद भी जहर वाली चाय पी थी और जिसके बाद वो खुद भी बेहोश हो गई थी।

पूरा मामला मधुबनी जिले के बिस्फी थाना स्थित सादुल्लाहपुर इलाके का है। बताया जा रहा कि यहां रहने वाली महिला चंदा देवी ने अवैध संबंध के चलते अपनी सास, देवर के साथ-साथ अपने तीन बेटों को चाय में जहर मिलाकर दे दिया। उसने खुद भी जहर वाली चाय पी ली। इसके बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी। स्थानीय लोगों की मदद से किसी तरह उन्हें डीएमसीएच अस्पताल ले जाया गया। जहां महिला के देवर संतोष की मौत हो गई। बाकी सदस्यों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।

इधर इस बड़ी घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई है। पुलिस ने पूरे मामले की गहराई से छानबीन की है और कुछ सबूत भी जुटाए हैं। बताया जा रहा है कि महिला उसकी सास और एक बच्चे की हालत अभी खतरे से बाहर है जबकि दो अन्य बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलिस इस मामले में अवैध संबंध के एंगल से जांच कर रही है। अंदेशा जताया जा रहा है कि महिला का किसी युवक के साथ अवैध संबंध था। महिला के ससुराल वाले इस बात का विरोध कर रहे थे और इसी बात से तंग आकर उसने घर के सभी सदस्यों को जहर दिया है। फिलहाल पुलिस अभी इस मामले की जांच कर रही है और पुलिस का कहना है कि इलाजरत परिवार के सदस्यों के होश में आने के बाद उनका बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।