बिहार में मॉब लिंचिंग का एक और मामला सामने आया है। इस बार यह घटना राजधानी पटना के मोकामा इलाके में हुई। बताया जा रहा है कि पशु चोरी के शक में भीड़ ने यहां एक युवक को पीट-पीट कर मार डाला। इस घटना के बाद पुलिस ने 13-14 लोगों को हिरासत में लिया है। वहीं, कई अन्य आरोपियों की तलाश चल रही है। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था हाथ में लेने वालों को कतई नहीं बख्शा जाएगा। उम्मीद है कि बाकी आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

यह है मामला: जानकारी के मुताबिक, बरहपुर गांव के 4 युवक पशु चोरी करने के लिए मोकामा के मोर गांव गए थे। जब वे लोग पशुओं को खोल रहे थे तो ग्रामीणों की नींद खुल गई। उन्होंने चोरों को दौड़ा लिया। इस दौरान 3 आरोपी फरार हो गए, जबकि एक युवक लोगों के हत्थे चढ़ गया। लोगों ने उसे पीट-पीटकर बेदम कर दिया। युवक की पहचान मतलू बिंद के रूप में हुई है।

Hindi News Today, 30 October 2019 LIVE Updates: देश-दुनिया की हर खबर पढ़ने के लिए यहां करें क्लिक

पुलिस ने भीड़ से बचाया, लेकिन जान गई: जानकारी के मुताबिक, मामले का पता चलते ही मोकामा थाना प्रभारी राजनंदन पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और उन्होंने पीड़ित को लोगों के चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद घायल युवक को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

https://youtu.be/2smr_NqJgTM

13-14 लोग हिरासत में लिए गए: घटना की जानकारी मिलने के तुरंत बाद पुलिस टीम ने छापेमारी शुरू कर दी। इस दौरान 13-14 लोगों को हिरासत में ले लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। एएसपी लिपि सिंह के मुताबिक, घटना में शामिल सभी लोगों की तलाश की जा रही है। उम्मीद है कि सभी आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।