बिहार पुलिस ने 2 सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। धीरज और नीरज नाम के इन दोनों भाइयों पर आरोप है कि इन्होंने मुंगेर के DIG मनु महाराज के नाम पर फर्जी फेसबुक अकाउंट बना रखा था। इस अकाउंट के जरिए वो लड़कियों को अश्लील तस्वीरें भेजते थे और उन्हें ब्लैकमेल भी किया करते थे।
दरअसल जमालपुर पुलिस को शिकायत मिली थी कि manumaharaj.co.in एवं maharajipsofficer.com नाम की 2 आईडी बनाकर लड़कियों को परेशान किया जा रहा है। शिकायत मिलने के बाद जमालपुर के ईस्ट कॉलोनी थाने में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की तफ्तीश शउरू की गई थी।
चूकि मामला साइबर अपराध से जुड़ा हुआ था लिहाजा पुलिस ने तकनीक के जरिए ही इस मामले में सुराग तलाशने की शुरुआत की। जल्दी ही पुलिस को पता चला कि सोशल मीडिया पर डीआईजी मनु महाराज के नाम से फेक अकाउंट बनाने वाले शख्स का नाम नीरज कुमार है। नीरज गया जिले का रहने वाला था।
इस फेसबुक अकाउंट को बनाने के लिए जिस मोबाइल नंबर का इस्तेमाल किया गया था पुलिस ने उसकी के जरिए नीरज तक पहुंची। नीरज कुमार के नाम से लिए गए इस सिम का इस्तेमाल उसका छोटा भाई धीरज कर रहा था। पेशे से शिक्षक धीरज एक निजी कोचिंग इंस्टीच्यूट भी चलाता है।
मुंगेर और गया जिले की पुलिस ने संयुक्त रुप से कार्रवाई करते हुए इन दोनों जालसाज भाइयों को पकड़ा। धीरज ने पुलिस के सामने कुबूल किया कि उसने इस फर्जी आईडी से लड़कियों को गंदे मैसेज भेजे। इतना ही नहीं उसने यह भी खुलासा किया कि वो मनु महाराज के नाम से अपनी कोचिंग का प्रचार-प्रसार भी किया करता था ताकि इससे प्रभावित होकर छात्र-छात्राएं उसकी कोचिंग में पढ़ने के लिए आएं।
अब इस मामले में दोनों भाइयों को पकड़ने के बाद पुलिस ने इनसे मोबाइल भी बरामद कर लिया है। पुलिस की तरफ से कहा गया है कि इस मामले में कुछ और साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं और कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

