Bihar Election 2020: बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे 10 नवंबर को घोषित किये जाएंगे। नतीजों के आने के बाद कई बाहुबलियों और दागियों की किस्मत का फैसला भी हो जाएगा। इस बार सुपौल की चर्चित सीट छातापुर से बबन सिंह निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर ताल ठोक रहे हैं।
बबन सिंह पर चोरी के 4, रंगदारी के 4 केसों के अलावा किडनैपिंग, मर्डर और आपराधिक साजिश रचने जैसे करीब 14 संगीन मामले दर्ज हैं। बबन सिंह के बारे में बताया जाता है कि वो जिला परिषद अध्यक्ष रह चुके हैं। इसी साल बबन सिंह और उनके समर्थकों द्वारा भीड़ जुटा कर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप में उनपर केस दर्ज कर उन्हें जेल भी भेजा गया था।
साल 2016 में बबन सिंह पर आरोप लगे थे कि उन्होंने पुलिस पर हमला कर 4 शराबियों को छुड़ा लिया था। इतना ही नहीं बबन सिंह का रसूख इलाके में इतना है कि जब वो पुलिस की नजर में फरार थे तब इलाके में अपने बॉडीगार्ड्स के साथ खुलेआम घूमते हुए नजर आते थे।
इस सीट से फिलहाल नीरज कुमार सिंह विधायक हैं। नीरज कुमार सिंह दिवंगत फिल्म अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के चेचेरे भाई भी हैं। 2015 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी उम्मीदवार नीरज कुमार सिंह ने राष्ट्रीय जनता दल के जहौर आलम को हराया था।
नीरज कुमार सिंह का जन्म 2 फरवरी 1969 को पूर्णिया के मल्लडीहा में हुआ था। इन्होंने बीएससी की है। राजनीति में साल 1988 में इन्होंने एंट्री ली। नीरज कुमार सिंह पहली बार 2005 में विधायक चुने गए। फिर 2010 में और 2015 में भी. ये मॉरीशस, सिंगापुर, बैंकॉक, मकाऊ और टर्की जैसे देशों की यात्रा भी कर चुके हैं। नीरज कुमार सिंह पहले जेडीयू में थे लेकिन नीतीश कुमार से अनबन होने के बाद बीजेपी में शामिल हो गए थे।