बाढ़ में बाहुबली अनंत सिंह का खौफ किस कदर रहा है? यह बताने की जरुरत नहीं है। बाहुबली के कारनामों के किस्से कई बार मशहूर हुए। आज हम बात कर रहे हैं कभी अनंत सिंह के शागिर्द रहे लल्लू मुखिया की। बाढ़ में अनंत सिंह औऱ लल्लू मुखिया की जोड़ी काफी कुख्यात रही है। इस बार के विधानसभा चुनाव में लल्लू मुखिया ने बाढ़ विधानसभा सीट से निर्दलीय ताल ठोक दिया है। लल्लू मुखिया पर आपराधिक साजिश रचने के 4, धोखाधड़ी के 3, रंगदारी के 2, किडनैपिंग, डकैती और हत्या के कुल 15 मामले दर्ज हैं।

खुद को सामाजिक कार्यकर्ता, व्यापारी, कॉन्ट्रैक्टर और किसान बताने वाले लल्लू मुखिया उर्फ करण वीर सिंह यादव के बारे में बताया जाता है कि उन्होंने 2 शादियां की हैं। उनकी पहली पत्नी नवादा पंचायत की मुखिया भी हैं।

साल 2019 में अनंत सिंह औऱ लल्लू मुखिया का एक ऑडियो टेप वायरल हुआ था। इस टेप में दोनों कथित तौर से मुकेश और भोला सिंह नाम के 2 युवकों की हत्या की साजिश रचते सुनाई दे रहे थे। इस मामले में अनंत सिंह और कर्णवीर सिंह पर केस भी दर्ज हुआ था। बाद में अनंत सिंह की गिरफ्तारी भी हुई थी। उस वक्त कर्णवीर सिंह यादव फरार हो गए थे। करीब 2 हफ्ते तक गायब रहने के बाद प्रशासन ने उन्हें फरार घोषित करने की योजना बनाई थी। लेकिन इस बात की भनक मिलते ही उन्होंने कोर्ट में सरेंडर कर दिया था।

लल्लू मुखिया को अनंत सिंह का सबसे खास सहयोगी माना जाता है। अनंत सिंह की पत्नी के चुनाव में जीत के लिए भी लल्लू मुखिया ने काफी मदद की थी। उनके खिलाफ पटना के कई थानों में केस है और कई संगीन आरोप हैं। पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी को लेकर इश्तेहार भी लगाया था।

कहा जाता है कि लल्लू मुखिया मोकामा से विधायक रहे अनंत सिंह के खासमखास रहे हैं और एनटीपीसी में अनंत सिंह के सारे ठेकों को वही देखते आए हैं। लल्लू एनटीपीसी के मजदूरों से हर महीने रंगदारी वसूलने के आरोप में लल्लू मुखिया के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई थी।