बिहार विधानसभा चुनाव में लगभग किसी भी पार्टी ने दागियों या दबंग छवि वाले नेताओं को टिकट देने से परहेज नहीं किया है। भारतीय जनता पार्टी, जनता दल यूनाइटेड और राष्ट्रीय जनता दल जैसे बड़े सियासी दल भी इस लिस्ट में शामिल हैं। कई पार्टियों ने तो इस बार दागियों के रिश्तेदारों को भी टिकट दिया है। इस कड़ी में आज हम बात कर रहे हैं राष्ट्रीय जन जन पार्टी के प्रत्याशी अनय कुमार की। अनय कुमार मुजफ्फरपुर की चर्चित कांटी विधानसभा सीट से चुनावी ताल ठोक रहे हैं।

अनय कुमार पर हत्या की कोशिश के 4, चोरी के 3, सरकारी कर्मचारी को काम में बाधा पहुंचाने और आपराधिक साजिश रचने समेत 10 केस दर्ज हैं। अनय कुमार के बारे में यह भी कहा जाता है कि इलाके में उनकी छवि दबंग के तौर पर रही है। हालांकि इस चुनाव में उन्होंने अपनी छवि बदलने की पूरी कोशिश की थी।

अनय कुमार जनता के बीच जाकर ना सिर्फ वोट मांगते हुए नजर आए थे बल्कि वो लोगों को यह भी बता रहे थे कि जीतने के बाद वो किस तरह अपने इलाके में विकास कार्यों को अंजाम देंगे? अनय कुमार पुलिस की वांटेड सूची में भी शामिल रहे हैं। यहीं वजह है कि नामांकन करने के दौरान पुलिस ने अनय कुमार को गिरफ्तार भी किया था। दरअसल अनय राज को सड़क जाम करने के पिछले साल के एक मामले में अहियापुर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था।

अनय राज पर फर्जी अदालती आदेश प्रस्तुत करने का आरोप भी है। यह फर्जी आदेश दिखाकर उन्होंने पुलिस को भी गच्चा दे दिया था। दरअसल जब पुलिस ने एक मामले में उन्हें पकड़ा था तब उन्होंने अपने व्हाट्सऐप पर बेल की एक कॉपी दिखाते हुए कहा था कि उन्हें कोर्ट से जमानत मिल गई है। हालांकि बाद में सत्यापन के दौरान बेल की यह कॉपी फर्जी निकली थी।