Bihar News: बिहार के मुंगेर से एक हैरान करने वाला मामला समाने आया है। यहां दक्षिण पूर्व यूरोप के बुल्गारिया सोफिया शहर की रहने वाली 46 साल की महिला की मौत हो गई। बुल्गारिया की महिला की मौत किस कारण से हुई अभी तक इससे पर्दा नहीं उठ सका है।

मृतक महिला पिछले एक महीने से योगाश्रम में रहकर योग सीख रही थी। उसे बेहोशी की हालत में मिलने के बाद प्राइवेट क्लीनिक में ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। डीएसपी और सीएस ने इस मामले की पुष्टि की है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुंगेर के नीलम सिनेमा के पास स्थित सेवायान हॉस्पिटल में सुबह बुल्गेरिया निवासी 46 वर्षीय महिला की इलाज के दौरान हो गई। मृतक विदेशी महिला पिछले एक महीने से योगाश्रम में रह रही थी। वह सुबह बेहोशी की हालत में मिली। इसके बाद उसे सेवायान हॉस्पिटल में इलाज के लिए भेजा गया, जहां इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भिजवाा। मृतक महिला का नाम डेनिएला बोगोमिलोवा मोल्चोव्स्का है, जो दक्षिण पूर्व यूरोप के केंजकेनिया बुलगारिया सोफिया शहर की रहने वाली थी।

सदर डीएसपी राजेश कुमार ने बताया, ‘मृतक विदेशी महिला एक महीना पहले बिहार योग विद्यालय मुंगेर में योग जीवन कोर्स करने आई थी। पूर्व में दो बार बिहार योग विद्यालय आ चुकी है। योग आश्रम के लोग कुछ बोल नहीं रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिला की कब से तबीयत खराब थी, इस बारे में कोई कुछ नहीं बता रहा है।

बताया जाता है कि महिला रात से अचेत थी। इसके बाद प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जिसमें डॉक्टर की तीन सदस्यीय टीम शामिल है। मुंगेर सदर अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. पीएम सहाय ने बताया, ‘अभी हम लोगों को पुलिस से कोई कागजात प्राप्त नहीं हुआ है। एक विदेशी महिला की मौत की जानकारी मिली है। पेपर मिलने के बाद पोस्टमार्टम किया जाएगा।