Begusarai Wedding Cancel: शराबबंदी वाले बिहार के बेगूसराय में एक दुल्हन ने अपने शराबी दूल्हे से शादी से साफ इनकार कर दिया। साथ ही बारात भी लौटा दी। दरअसल, शादी के लिए आया दूल्हा इस हद तक नशे में था कि वो जयमाला के स्टेज पर ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था। उसके पैर लड़खड़ा रहे थे। आखिरकार वो लड़खड़ाकर गिर पड़ा।

दूल्हे को स्टेज पर ही ना कर दिया

इस बात का एहसास जब दुल्हन को हुआ तो उसने शराबी दूल्हे को स्टेज पर ही ना कर दिया और वहीं से ऐलान कर दिया कि मैं शादी नहीं करूंगी। मामला जिले के तेघड़ा का बताया जा रहा है।

जानकारी अनुसार तेघड़ा के काजीरसलपुर पंचायत में बीते रविवार (8.1.2024) को दवियालपुर गांव से बारात आई थी। बारात में अन्य लोगों के साथ ही दूल्हा भी डांस कर रहा था। फिर जयमाला का वक्त आया। इस रस्म के लिए सभी स्टेज पर आए, लेकिन दूल्हा स्टेज पर लड़खड़ाकर गिर गया। ऐसा इसलिए क्योंकि वो नशे में धुत था।

ये देख लड़की ने शादी से इनकार कर दिया और स्टेज से उतर गई। पूरे मामले में ग्रामीणों ने कहा कि कि लड़की के पिता ने काफी मेजनत से शादी के लिए पैसे जोड़े थे। उनके मेहनत की कमाई ऐसे लड़के के लिए बर्बाद नहीं होने चाहिए।

रातभर दोनों पक्षों में विवाद होता रहा

बता दें कि शादी के ही दिन शादी टूटने के बाद रात भर गांव में लोग हंगामा मचाते रहे। लड़की के घर वालों ने शादी टूटने के बाद लड़के वालों से दी गई रकम वापस करने की मांग की। इस कारण रातभर दोनों पक्षों में विवाद होता रहा।

शराबी दूल्हे से तोड़ दी थी शादी

गौरतलब है कि बीते दिनों बिहार के कटिहार से भी ऐसी ही घटना सामने आई थी। यहां एक दूल्हा जो अपनी शादी में नशे में होने के कारण देरी से पहुंचा, उसे लेने के देने पड़ गए। इस बात से नाराज उसकी दुल्हन ने शादी तोड़ दी। ऐसे में लड़की के परिवार ने शादी में हुआ अपना खर्च वसूलने के लिए दूल्हे के माता-पिता को बंधक बना लिया। इस अजीबोगरीब मामले में लड़की के परिवार ने दूल्हे के माता-पिता से 4 लाख रुपये की मांग की। पढ़ें पूरी खबर…..