बिहार के मोतिहारी में नाबालिग लड़की से हैवानियत के बाद उसे जिंदा जला दिया गया। इस वारदात के बाद राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि ‘बिहार में हाथरस कांड की तरह एक 12 वर्षीय बच्ची की निर्मम हत्या कर उसकी लाश रातों-रात जला दी गई। पिता का कहना है कि बच्ची के साथ गैंगरेप हुआ। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी नाकामयाबियों के सिकंदर बन गए हैं।’
इस मामले में पीड़ित लड़की के पिता ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी से रेप के आरोपियों ने हत्या के बाद बेटी के शव को जलाने का दबाव भी उनपर बनाया। आनन-फानन में केरोसिन तेल डाल कर पीड़िता को जला दिया गया। आरोपियों ने उन्हें थाने में जा कर शिकायत ना करने की धमकी भी दी थी। 12 साल की लड़की के साथ हुई इस नाइंसाफी के बाद पिता का यह भी कहना है कि स्थानीय थाने में उनकी रिपोर्ट तक नहीं लिखी गई।
जिसके बाद उन्होंने वीडियो के जरिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से इंसाफ की मांग की। अब इस मामले में पुलिस अधीक्षक नवीन चंद्र झा ने खुद मोर्चा संभाल लिया है। इलाके के थाना प्रभारी को निलंबित भी कर दिया गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक लड़की से दुष्कर्म की यह वारदात 21 जनवरी को हुई थी। पीड़ित परिवार नेपाल का रहने वाला बताया जा रहा है। यह परिवार मोतिहारी में किराये के मकान में रहता था और परिवार का खर्च मजदूरी से चलता था। इस परिवार की बेटी से दरिंदगी का आरोप मकान मालिक पर लगा है। जब मामले में पीड़ित परिवार को कहीं से भी इंसाफ नहीं मिला तब परिवार के सदस्यों ने अपनी गुहार उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने के लिए अपना वीडियो बनाया था।
बहरहाल अब इस मामले में पुलिसिया तफ्तीश तेज हो गई है। पिता ने अपनी बच्ची के साथ गैंगरेप का आरोप लगाया है। अब पुलिस इस मामले में गहन छानबीन कर दोषियों को उनके अंजाम तक पहुंचाने की जुगत में जुटी हुई है।

