कर्नाटक के बेंगलुरु में लड़की से बात करने पर एक छात्र को 4 लड़कों ने बुरी तरह पीट दिया। रिपोर्ट के अनुसार, छात्र ने क्लास में सहपाठी लड़की से नोट्स मांगे थे। मामला श्रीरामपुरा के एक प्राइवेट स्कूल का है। यहां 10वीं कक्षा के एक छात्र ने गुरुवार को अपने साथ पढ़ने वाली लड़की से 2 मिनट बात की थी। इसके बाद उसके चार सहपाठियों ने उसे बुरी तरह पीट दिया। पिटाई के बाद उसके दो दांत टूट गए और उसके आंखों की रोशनी थोड़े समय के लिए चली गई। उसे कम दिखाई दे रहा है। उसके आंखों के पास भी चोट लगी है। दरअसल, यह घटना तब हुई जब लड़के ने अपनी कक्षा की एक लड़की से नोट्स के संबंध में बात की। बताया जा रहा है कि आरोपियों में से एक लड़का उस लड़की को पसंद करता है। इसलिए उसने पीड़ित छात्र की पिटाई कर दी।

पीड़ित छात्र आदर्श 15 साल का है। उसकी आंखों पर चोट लगी थी। उसे धुंधला दिखाई दे रहा था। उसके दो दांत टूट गए थे और नाक से खून बह रह था। उसके शरीर पर कई जगह चोट आई थी। वह रोते हुए घर पहुंचा। मां ने बेटे को इस हाल में देखा तो हैरान रह गईं। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित छात्र मगदी रोड का रहने वाला है। आदर्श की मां के अनुसार, घटना 27 जुलाई को दोपहर करीब 3.45 बजे हुई। जब उनका बेटा क्लास के बाद घर लौट रहा था। उसने साथ पढ़ने वाली लड़की से नोट्स मांगे थे। लड़की और आदर्श ने कुछ मिनटों तक बात की। इसके बाद आदर्श नोट्स लेकर अपनी सीट पर आ गया।

रिपोर्ट के अनुसार, आदर्श के एक सहपाठी हिमांशु ने दोनों को बात करते हुए देख लिया। इसके बाद फिजिकल ट्रेनिंग समय हिमांशु और उसके तीन दोस्तों ने आदर्श के साथ झगड़ा किया। उस समय पीटी शिक्षक ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को चेतावनी दी। हालांकि हिमांशु ने आदर्श को चेतावनी दी कि वह स्कूल के बाद उसे “सबक सिखाएगा”।

घर जाते वक्त आरोपियों ने किया हमला

स्कूल के बाद आदर्श पैदल ही घर जाने लगा। वह स्कूल से थोड़ी ही दूर गया था कि हिमांशु और तीन अन्य लड़कों ने उसे रोक लिया और उसकी पिटाई कर दी। आरोपी छात्रों ने कथित तौर पर उसे लात मारी और चेहरे पर कई बार मुक्का मारा। इस हमले में आदर्श के ऊपर के दो दांत टूट गए। पीड़ित लड़के की मां ने कहा, “हिमांशु ने मेरे बेटे को गलत समझा और उसे बुरी तरह पीटा। डॉक्टर्स ने उसे इलाज के साथ-साथ लगभग एक महीने तक आराम करने को कहा है। आदर्श की मां ने कहा कि अभी मेरे बेटे को ठीक से दिखाई नहीं दे रहा है। उसके ठीक होने के बाद उसकी आंखों का इलाज होगा। यह कोई समान्य हमला नहीं था इसलिए मैंने शिकायत दर्ज कराई है। स्कूल मैनेजमेंट हमारे संपर्क में है। उन्होंने हमें आश्वासन दिया है कि वे चारों लड़कों के माता-पिता को बुलाएंगे और छात्रों को चेतावनी देंगे।”

इस मामले में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, “हमने किशोर न्याय अधिनियम के तहत चार लड़कों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। चूंकि हमलावर छात्र हैं इसलिए बाल कल्याण अधिकारी उनसे पूछताछ करेंगे।”