बेंगलुरु में एक स्कूल प्रिंसिपल पर 10 साल की डिस्लेक्सिया पीड़ित छात्रा से बलात्कार करने का आरोप है। फिलहाल आरोपी प्रिंसिपल को गिरफ्तार कर लिया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, स्पेशल केयर वाले बच्चों के एक स्कूल के 65 साल के प्रिंसिपल को 10 साल की डिस्लेक्सिया पीड़ित छात्रा के साथ कथित तौर पर बलात्कार करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के अनुसार, प्रिंसिपल छात्रा के पड़ोस में रहता है। वह छात्रा को अपने साथ घर ले गया और फिर उसका दुष्कर्म किया। पुलिस ने बताया कि मामले का खुलासा तब हुआ जब पीड़िता घर लौटी और पेट दर्द की शिकायत की।
पुलिस के अनुसार, उस दिन पीड़िता थोड़ी देरी से दोपहर करीब साढ़े तीन बजे घर लौटी। घर लौटने के बाद उसने अपनी मां से बेचैनी की शिकायत की। इसी दौरान लड़की की मां को उसके कपड़ों पर खून के धब्बे मिले। पुलिस के अनुसार, बच्ची ने घटना के बारे में तब बताया जब उसकी मां उसे नहला रही थी। इसके बाद बच्ची की मां वर्थुर पुलिस स्टेशन पहुंची और प्रिंसिपल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आगे कहा कि प्रिंसिपल को यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पोक्सो) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है। वहीं बच्ची का एक प्राइवेट अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसकी हालत स्थिर है। आगे की कार्रवाई का जा रही है।
क्या है डिस्लेक्सिया?
डिस्लेक्सिया एक लर्निंग डिसऑर्डर है। जिस बच्चे को यह बीमारी होती है उसे पढ़ने-लिखने में परेशानी होती है। इसमें बच्चा अक्षर और अक्षरों के समूह को सही तरीके से समझ नहीं पाता है और ना ही उसे बोल पाता है। डॉक्टर के अनुसार, डिस्लेक्सिया से पीड़ित बच्चा ठीक से पढ़-लिख नहीं पाता है।
रांची में एलकेजी की छात्रा से दुष्कर्म
इसके पहले झारखंड के रांची में एक 5 साल की बच्ची के साथ उसके स्कूल के अंदर दुष्कर्म किया गया। बच्ची एलकेजी में पढ़ती है। घटना सामने आने के बाद बच्ची के पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। अभी तक यह जानकारी सामने नहीं आई है कि बच्ची के साथ दुष्कर्म किसने किया। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। स्कूल में इस तरह की घटना की खबर जानने के बाद बाकी बच्चों के परिजन हैरानी जता रहे हैं। बाकी बच्चियां डरी हुईं हैं। लोगों का स्कूल पर से भरोसा उठ रहा है।