कर्नाटक के बेंगलुरु से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 40 वर्षीय शख्स ने संदेह के चलते बच्चों के सामने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी अश्लील फिल्मों का आदी था। करीब दो महीने पहले उसने कोई अश्लील फिल्म देखी थी, तभी से उसे संदेह था कि फिल्म में दिखने वाली महिला उसकी पत्नी थी। इसी के बाद वह शक के चलते पत्नी को प्रताड़ित करने लगा था।
जानकारी के अनुसार, घटना रामनगर इलाके में रविवार को घटी, जहां एक अश्लील फिल्मों के लती व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। आरोपी की पहचान जहीर पाशा के रूप में हुई है, जो पेशे से ऑटो चालक था। जहीर पाशा ने दो महीने पहले एक अश्लील फिल्म देखी और उसे शक हुआ कि फिल्म में दिख रही महिला उसकी पत्नी मुबीना थी। इसी के बाद जहीर अपनी पत्नी की वफादारी पर शक कर उसे प्रताड़ित करने लगा।
ऑटो चालक जहीर पाशा के मन में संदेह इतना ज्यादा असर कर गया कि उसने रविवार की सुबह करीब 12.30 बजे बच्चों के सामने मुबीना की चाकू मारकर हत्या कर दी। मुबीना, बीएम रोड पर रहमानियानगर की रहने वाली थीं, जबकि पाशा बेंगलुरु के शम्मन्ना गार्डन का रहने वाला है। इन दोनों की शादी करीब 15 साल पहले हुई थी और इनके पांच बच्चे भी हैं। परिजनों के मुताबिक पाशा ने कथित तौर पर दो महीने पहले एक पारिवारिक समारोह में मुबीना की पिटाई की थी।
कोलार में समारोह में मारपीट करने के बाद परिवार वालों ने दोनों से बात की तो उन्हें इस कारण का पता चला था। वहीं, इस घटना के करीब 20 दिन पहले पाशा ने अपनी पत्नी को इतनी बुरी तरह पीटा था कि उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। मुबीना के पिता ने पुलिस में जहीर पाशा के खिलाफ ब्यातरयानपुरा पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की बात कही थी, लेकिन मुबीना ने ही उन्हें मना कर दिया था। यह दंपति घटना से चार दिन पहले ही रामनगर इलाके में शिफ्ट हुए थे।
घटना के बारे में जांच कर रहे एक अधिकारी ने कहा कि वारदात के बाद, दंपति का पहला बेटा पास में ही स्थित अपने दादा गौस पाशा के घर पर पहुंचा था और उन्हें पूरी बात बताई थी। बेटे ने दादा को बताया था कि मां को पापा ने चाकू मार दिया है। इस मामले में शिकायतकर्ता गौश पाशा जब पोते की सूचना पर अपनी बेटी के घर पहुंचे थे तो उन्होंने मुबीना को मृत पाया था।