गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई इनदिनों खूब चर्चा में है। एनसीपी नेता बाबा सिद्दीक हत्याकांड के बाद एक बार फिर लोगों को उसके बारे में जानने की चाह हो रही है। साबरमती जेल में बंद कुख्यात आखिर असल जिंदगी में कैसा है ये सभी जानना चाहते हैं।

लॉरेंस के चचेरे भाई ने बताई चौंकाने वाली बातें

इसी क्रम में लॉरेंस के चचेरे भाई ने उसके जिंदगी के अनछुए पहलूओं के बारे में बातचीत की है। उन्होंने बताया है कि लॉरेंस कैसा इंसान है। उसे किन चीजों का शौक है. वो किसे अपना आदर्श मानता है।

लॉरेंस के चचेरे भाई रमेश बिश्नोई ने NDTV को दिए अपने एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में कहा है कि वो एक बेहद सरल स्वभाव का बच्चा था। उसे अच्छा खाना,अच्छा पहनना और घुड़सवारी करने का शौक था। वो स्कूली बच्चों के साथ खेलता था। मैट्रिक पास कर वो चंडीगढ़ चला गया था। वो चाहता था कि गांव के बच्चे नशे की जाल में ना फंसे। वो उसके साथ मैदान में खेलता भी था।

लॉरेंस के आदर्श भगत सिंह थे : रमेश बिश्नोई

रमेश ने बताया कि लॉरेंस के आदर्श भगत सिंह थे। वो उनके जैसा बनना चाहता था। वो किसी के साथ भी अन्याय बर्दाश्त नहीं कर सकता। यही उसका गुण भी था और अनगुण भी। उसका कोई क्रिमिनल रिकॉर्ड नहीं था। अभी भी कोई आरोप जो उसके ऊपर लगे हैं वो सिद्ध नहीं हुए हैं। केवल आरोप लगाते रहना ही ठीक नहीं है।

उन्होंने बताया कि आखिरी बार लॉरेंस से उनकी मुलाकात अबोहर कोर्ट में हुई थी। पांच मिनट की इस मुलाकात में उन्होंने उससे अपराध की दुनिया छोड़ देने को कहा था। तब उसने कहा था कि उसे झूठे आरोपों में फंसाया जा रहा है। उसने ऐसा कुछ नहीं किया है। गैंगस्टर के नाम के संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि उसका बचपन से ही यही नाम था।

गौरतलब है कि बीते दिनों मुंबई में एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्या की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली थी। सलमाल के करीबी रहे नेता की हत्या के आरोप में गिरफ्तार आरोपियों ने भी खुद को लॉरेस गैंग का सदस्य बताया था।