असम के मोरीगांव जिले में मंगलवार को 25 वर्षीय एक महिला अपने घर में मृत पाई गई। एक स्थानीय सिनेमा हॉल में प्राइवेट सिक्योरिटी गार्ड उसके पति ने मोरीगांव पुलिस को बताया कि वह घर की फर्श पर आधी नग्न हालत में पड़ी थीं। उसने शक जताया कि हो सकता है कि हत्या करने से पहले उसकी पत्नी के साथ बलात्कार किया गया हो। मामले की जानकारी फैसले के बाद आसपास के लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया।

एक महीने के बच्चे के साथ घर पर थी महिला, नाइट शिफ्ट की ड्यूटी पर गया था पति

मोरीगांव पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि महिला और उसका एक महीने का शिशु घर पर थे। उसका पति सोमवार रात 8 बजे अपनी नाइट शिफ्ट की ड्यूटी करने के लिए घर से निकला था। मंगलवार सुबह जब वह घर आया तो उसने अपनी पत्नी को मृत पाया। पुलिस ने कहा कि शुरुआती जांच में लगता है कि महिला को गला घोंटकर मारा गया है। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या के बारे में और अधिक जानकारी सामने आ सकेगी।

परिवार का आरोप- महिला के साथ बलात्कार का भी शक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

महिला के पति ने कहा, “मैं पिछले एक साल से रात की पाली में हूं और मैं उसे हर दिन इसी तरह अपने घर पर छोड़ कर जाता हूं। मेरी पत्नी ने मुझे हमारे इलाके में कुछ अज्ञात लोगों के आने के बारे में बताया था। उन्होंने उसके बारे में कुछ टिप्पणियाँ भी कीं। लेकिन हमने इस पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया था।” पुलिस ने कहा कि महिला के परिवार ने आरोप लगाया है कि महिला की हत्या से पहले उसके साथ बलात्कार किया गया था और वे आरोप की पुष्टि के लिए पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।

महिला की हत्या की खबर फैलते ही आसपास के इलाके में पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन

महिला की हत्या की खबर फैलते ही आसपास के इलाके के लोगों ने पुलिस से अपराध की तुरंत जांच करने और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। महिला के एक पड़ोसी ने पुलिस को कहा, “हमने बीते दिनों अपने इलाके में कुछ अनजान लोगों की गतिविधि देखी थी। उन्होंने एक महिला के साथ बलात्कार किया है और वे सख्त सजा के हकदार हैं। पुलिस को तुरंत उनकी पहचान करनी चाहिए और गिरफ्तार करना चाहिए।”

AFSPA Act in Hindi: Assam से इस साल हट जाएगा अफस्पा, जानिए क्या है यह कानून? | Himanta Biswa Sarma | Video