इधर असम में मॉब लीचिंग के बाद 2 लोगों की हत्या कर दी गई। भीड़ ने इन दोनों लोगों का सिर धड़ से अलग कर दिया और फिर लाश को आग के हवाले कर दिया। मॉब लिंचिंग की यह भयानक घटना असम के Anglong जिले के कार्बी की है। शुक्रवार को यहां एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने बताया कि इन दोनों लोगों की हत्या जादू-टोने के शक में की गई है।
बताया जा रहा है कि भीड़ ने इन दोनों पर काला जादू करने का आरोप लगाया था। भीड़ का यह भी आरोप था कि काला जादू करने की वजह से रोहिमापुर गांव में एक नाबालिग लड़की की मौत हुई है। यहां के पुलिस अधीक्षक देबजीत देउरी ने कहा कि यह घटना गुरुवार को उस वक्त सामने आई जब कुछ लोगों ने इसके बारे में पुलिस को सूचना दी। घटना के बाद 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
इन दोनों की हत्या से पहले नाबालिग लड़की ने गांव वालों को बताया था कि काला जादू करने की वजह से ही उसकी तबियत खराब हो गई है। इसके तीन दिन बाद लड़की की मौत हो गई। इस लड़की के अलावा एक अन्य लड़की ने भी इन दोनों पर जादू-टोना करने का आरोप लगाया और कहा कि उसी की वजह से उसकी तबीयत खराब हो गई है।
इसके बाद ग्रामीणों का गुस्सा सांतवें आसमान पर पहुंच गया। भीड़ ने रामावती हलुआ औऱ बिजॉय गौर की पीट-पीट कर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि जहां मृतक लड़की का अंतिम संस्कार किया गया था वहीं पर भीड़ ने इन दोनों का सिर काट दिया औऱ उन्हें आग के हवाले कर दिया। मजिस्ट्रेट और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा किया है तथा मामले में अहम सबूत भी जुटाए हैं। इस मामले में अब तक नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार किये गये लोगों में 2 महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अन्य आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की जा रही है।