असम के दिमा हसाओ जिले में रहने वाले सेना के मेजर और उनकी पत्नी को नाबालिग नौकरानी को प्रताड़ित करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। मेजर पर नाबालिग नौकरानी को मारने पीटने का आरोप है। इस मामले में पुलिस का कहना है कि पीड़िता को बुरी तरह मारा-पीटा गया है। जब वह मिली उसकी नाक टूटी हुई थी, उसकी जीभ और दांत में भी चोट आई है।
इस मामले में दीमा हसाओ के एसपी मयंक कुमार ने कहा कि उन्हें रविवार को सूचना मिली कि नाबालिग लड़की को क्रूरतापूर्वक प्रताड़ित किया गया था। पीड़िता सेना के मेजर और उनकी पत्नी के साथ हिमाचल प्रदेश के पालमपुर में रह रही थी।
मेजर शैलेन्द्र यादव की हिमाचल प्रदेश के पालमपुर में है पोस्टिंग
मेजर की पहचान शैलेन्द्र यादव के रूप में हुई है। इस समय उनकी पोस्टिंग हिमाचल प्रदेश के पालमपुर में है। उन्होंने दो साल पहले दिमा हसाओ में तैनात रहते हुए हाफलोंग की रहने वाली किम्मी राल्सन से शादी की थी। जानकारी के अनुसार, नाबालिग दंपत्ति के साथ हिमाचल प्रदेश के पालमपुर गई थी। वह वहां पर उनके घर के काम करती थी। जानकारी के अनुसार, दंपत्ति उसे परेशान करते थे। इतना ही नहीं वह उसके साथ मारपीट करते थे।
मेजर शैलेन्द्र यादव और पत्नी के खिलाफ दर्ज हुआ मामला
कुमार ने आगे कहा कि दंपत्ति के खिलाफ हाफलोंग पुलिस स्टेशन में भारतीय दंड संहिता, एससी और एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (POCSO) अधिनियम की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। एसपी ने आगे कहा कि जांच के दौरान मेजर और उनकी पत्नी के खिलाफ सबूत पाए गए।
इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। कुमार ने आगे बताया कि फिलहाल लड़की का इलाज किया जा रहा है। आगे जांच जारी है। इसके बाद ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का जाएगी।