Journalist Murder Case: अररिया पत्रकार हत्याकांड के मुख्य आरोपी को पुलिस ने नेपाल सीमा से गिरफ्तार कर लिया है। 35 साल के पत्रकार विमल कुमार यादव की हत्या के आरोप में पुलिस ने पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। इस मामले में एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मुख्य आरोपी अर्जुन शर्मा को गुप्त रूप से सूचना मिलने के बाद भारत-नेपाल सीमा पर जोगबनी थानान्तर्गत चाणक्या चौक पर पकड़ लिया गया। गौरतलब है कि अररिया पुलिस ने विमल पत्रकार हत्याकांड में 8 लोगों को आरोपी बनाया है। इनमें पांच आरोपियों अर्जुन शर्मा, विपिन यादव, भावेश यादव, आशीष यादव और उमेश यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है।

रिपोर्ट के अनुसार, इनमें से दो आरोपी हत्या में सीधे तौर पर शामिल थे। वहीं पुलिस का कहना है कि बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। कहा जा रहा है कि मुख्य आरोपी अर्जुन शर्मा पहले से आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। इसी ने पत्रकार विमल कुमार यादव की हत्या में शूटर की भूमिका निभाई थी।

जेल से रची गई थी हत्या की साजिश?

हिंदुस्तान टाइम्स की खबर के अनुसार, पत्रकार विमल की हत्या की साजिश जेल से रची गई थी। रिपोर्ट के अनुसार, इस हत्याकांड में शामिल दो आरोपी क्रांति यादव और रूपेश अररिया और सुपौल जेल में बंद हैं। पुलिस का कहना है कि पत्रकार विमल कुमार यादव की हत्या के तार जेल से जुड़ रहे हैं। दरअसल, सुपौल जेल से पत्रकार विमल कुमार यादव को धमकी देने वाला आरोपी रुपेश यादव उनका पड़ोसी है। वह विमल यादव को उनके भाई की हत्या के मामले में गवाही देने से मना कर रहा था। उसने विमल यादव को धमकी भी दी थी। फिलहास पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि जेल में बंद आरोपी रुपेश यादव से मिलने कौन-कौन आता था। आखिर इस मर्डर केस के तार कहां-कहां तक फैले हुए हैं।

दो साल पहले हुई थी भाई की हत्या, अंडरट्रायल केस में मुख्य गवाह थे विमल

विमल कुमार यादव की पत्नी पूजा देवी ने बताया कि दो साल पहले इसी तरह उनके देवर गब्बू यादव की भी बदमाशों ने सरेआम हत्या कर दी थी। अपने भाई के मर्डर केस में विमल कुमार यादव मुख्य गवाह थे। इस अंडर ट्रायल केस में उनके पति ने हाल ही में कोर्ट में गवाही दी थी। बदमाश लोग उनको आगे गवाही देने से रोकने के लिए जान से मारने की धमकी दे रहे थे। विमल ने उन धमकियों को नजरअंदाज कर दिया था। इसके अलावा पुलिस जांच कर रही है कि हत्या के पीछे क्या पड़ोसी से विवाद भी एक वजह है या कोई और मामला है।

Araria Journalist विमल कुमार यादव के साथ आखिर क्या हुआ था

अररिया जिले के रानीगंज थाना क्षेत्र के बेलसरा के हीरो शोरूम के पीछे स्थित प्रेमनगर गांव में शुक्रवार अहले सुबह एक दैनिक अखबार के पत्रकार विमल कुमार यादव को घर से बुलाकर चार हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। उनकी पत्नी पूजा देवी के चिल्लाने पर पड़ोसियों के पहुंचने से सारे हमलावर भाग निकले थे। पड़ोसियों ने ही पुलिस को हमले की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस पत्रकार को अस्पताल लेकर गई। वहां डॉक्टरों ने विमल कुमार यादव को मृत घोषित कर दिया।