तारीख 13 अक्टूबर, साल 2021 और जगह अलीगढ़। तरुण अग्रवाल नाम का शख्स अपने भाई अरुण के घर पहुंचा। अरुण के दोनों बच्चे उसके पास थे, क्योंकि अरुण ने बताया कि वह काम के सिलसिले में शहर से बाहर जा रहा है। दरवाज खोलकर अंदर गया तो वह सन्न रह गया और चिल्लाते हुए बाहर आया। अंदर घर में अरुण की पत्नी आस्था की लाश फंदे पर लटक रही थी। घटना की सूचना पर पुलिस आई और छानबीन की।
पुलिस ने पूछताछ की और शुरुआती जांच में सामने आया कि अरुण और आस्था के बीच कुछ अनबन थी इसलिए अरुण अपनी फैक्ट्री में ही सो जाता था। अरुण के परिजनों ने भी कहा कि पति-पत्नी में झगड़ा तो आम बात है और फिर किसी पर शक नहीं जताया। दोनों पति-पत्नी अच्छा कमाते थे और संपन्न थे। हालांकि, तत्कालीन डीएसपी का माथा आस्था की लाश देखकर ठनक गया। लाश के मुंह से खून निकला था, जो कि सूख चुका था।
पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक डॉक्टरों ने बताया कि महिला की मौत फांसी से नहीं बल्कि गला घोंटे जाने से हुई। यानी पहले गला घोंटा गया फिर शव को लटकाया गया था। रिपोर्ट के मुताबिक यह मामला आत्महत्या का नहीं, बल्कि कत्ल का था। इसी बीच एक लड़की ने पुलिस को बताया कि वारदात के दिन आस्था ने उसे व्हाट्सएप पर मैसेज भेजा था जो कि दूसरे दिन उसे डिलीवर हुआ था।
चूंकि, अमुक लड़की के मोबाइल में रिचार्ज नहीं था इसलिए दूसरे दिन रिचार्ज होने पर इंटरनेट चला तो उसे आस्था का मैसेज मिला। इसमें लिखा था कि मेरा जीवन खतरे में है। मेरी जान जाती है तो मेरे बच्चों को मेरी बहन को सौंप देना। यह मैसेज कत्ल साबित करने के लिए काफी था। पुलिस ने अरुण से संपर्क करना चाहा तो दो दिन तक उसकी कोई लोकेशन ही नहीं मिली, अब शक की सुई उस पर ही घूम गई।
इसके बाद सीसीटीवी फुटेज ने सारा माजरा खोल दिया। इस फुटेज में 12 अक्टूबर की रात अरुण, तीन आदमियों के साथ घर के बाहर दिखा। फिर सभी एक-एक करके घर में चले गए। 17/18 की दरमियानी रात में अरुण का फोन ऑन हुआ और लोकेशन उसके फैक्ट्री के इलाके में थी। पुलिस ने एक्शन लिया और अरुण को धर दबोचा फिर कहानी बताई कि उसी ने सुपारी देकर अपनी पत्नी को मारा है।
कारण यह था कि आस्था का किसी अन्य लड़के के साथ प्रेम संबंध हो गया था और उस युवक ने एक दिन अरुण को उसके ही घर में पीटा भी था। तभी अरुण ने साजिश रची और 1 लाख में दो लोगों को सुपारी दी। इस साजिश में अरुण का भाई तरुण भी शामिल था और वारदात के दूसरे दिन इस हत्या को आत्महत्या का एंगल देने पहुंचा था। इस केस में पुलिस ने क़त्ल के मास्टरमाइंड अरुण, सुपारी किलर्स और तरुण को भी गिरफ्तार किया था।