उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से सटे बाराबंकी से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक शख्स को जिंदा जलाने की कोशिश की गई। इससे पहले उसे लोगों ने जमकर मारा। फिर उसे फूंकने की कोशिश की गई। युवक शराब के नशे में था। घटना जिले के देवा थाना क्षेत्र की है। दरअसल, जिस युवक को लोग मारने की तैयारी कर रहे थे। वह नशे में धुत होकर गलती से किसी दूसरे के घर में घुस गया था।
घटना बुधवार रात की है। यहां स्थानीय युवक सुजीत कुमार कहीं से शराब के नशे में धुत होकर अपने घर जा रहा था। लेकिन नशे में होने के चलते भूलवश गांव राघवपुरवा मजरे छिंदवाही के किसी अन्य के घर में घुस गया। अचानक आवाज और अंजान इंसान को देख घरवालों ने उसे चोर समझ लिया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने उसे चोर समझ कर पकड़ने के बाद जमकर धुना। इतना ही नहीं जब लोगों का मन मारने से नहीं भरा तो बाद में सुजीत पर पेट्रोल डालकर जलाने की कोशिश की गई। हालांकि अब सुजीत लखनऊ के सिविल अस्पताल में भर्ती है। जहां उसका इलाज चल रहा है।
घटना के बाद पीड़ित सुजीत की पत्नी पूनम की तरफ से नामजद रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। गुरुवार को देवा पुलिस को दी गई कम्प्लेन में श्रवण कुमार यादव, उमेश कुमार यादव व दो अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ थाने में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने सभी आरोपियों पर एससी एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
मामले पर देवा पुलिस को एस पी बाराबंकी की तरफ से तत्काल नामजद और अज्ञात आरोपी व्यक्तियों की गिरफ्तारी और जरूरी कार्रवाई का निर्देश मिले हैं। एस पी से मिले आदेश के बाद एक्शन में आई पुलिस ने नामजद आरोपी श्रवण कुमार यादव व उमेश कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि पुलिस की पूछताछ जारी है।
