ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के गुजरात उपाध्यक्ष शमशाद पठान पर रविवार को अहमदाबाद रिवरफ्रंट के पूर्वी इलाके में चार लोगों ने हमला कर दिया। पठान के पैर में चाकू से वार किया गया, जिसके बाद उन्हें एसवीपी हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है। इस संबंध में रिवरफ्रंट ईस्ट पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना संडे मार्केट में हुई। आरोपी और पठान के रिश्तेदार के बीच झगड़ा हुआ। पठान ने इस मामले में दखल दिया तो आरोपी ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। यह कोई प्लान करके की गई घटना नहीं लगती है। पठान की अस्पताल में भर्ती हैं और खतरे से बाहर हैं।
वहीं, कर्नाटक पुलिस ने 20 फरवरी को हुए बजरंग दल कार्यकर्ता की हत्या के मामले में 10 लोगों के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम (Unlawful Activities Prevention Act-UAPA) लगाया है।
राज्य के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस हत्या के पीछे बड़ी साजिश नजर आ रही है। UAPA ज्यादातर उन्हीं मामलों में लगाया जाता है जहां पर राष्ट्रीय अखंडता को खतरा होता है। UAPA पुलिस को संदिग्ध की 30 दिनों तक कस्टडी का अधिकार देता है, जबकि उसके पास चार्जशीट फाइल करने के लिए 180 दिनों का समय होता है। आमतौर पर पुलिस के पास चार्जशीट फाइल करने के लिए 90 दिनों का ही समय मिलता है। UAPA के तहत आरोपी को बेल आसानी से नहीं मिलती है।
शिवमोगा में 20 फरवरी 2022 को बजरंग दल कार्यकर्ता हर्ष की हत्या कर दी गई थी। इसके बाद इलाके में हिंसा और तनाव भड़क गया था। यहां तक कि स्थानीय प्रशासन को स्कूल तक बंद करने की घोषणा करनी पड़ी। बताया जा रहा है कि जिन लोगों ने हर्ष की हत्या की, उनके साथ उसका 2016 से विवाद चल रहा था। आरोपियों में से एक मोहम्मद कासिफ 2017 में हर्ष के साथ जेल में था। हत्या में शामिल अन्य आरोपियों पर भी पहले से लूटपाट के मामले चल रहे हैं।
सूत्रों का कहना है कि हर्ष और हत्या के एक आरोपी के बीच छह महीने पहले कोर्ट में झगड़ा हुआ था। संभव है कि इसी वजह से हर्ष की हत्या की गई हो। बहरहाल, पुलिस इस मामले में बड़ी साजिश भी देख रही है। कर्नाटक में हिजाब पर विवाद के बीच यह हत्या की गई, इसलिए पुलिस दूसरे एंगिल से भी जांच कर रही है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि हत्या के सभी आरोपी लोकल क्रिमिनल्स हैं और इस बात की उम्मीद कम ही लगती है कि वे अपने दम पर इस तरह के हत्याकांड की साजिश रच सकते हैं या उसे अंजाम दे सकते हैं।