आम आदमी पार्टी (Aaam Admi Party) के विधायक जगदीप गोल्डी कंबोज (Jagdeep goldy Kamboj) के पिता को पंजाब पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनके ऊपर रेप के आरोपी को ब्लैकमेल कर 10 लाख रुपये वसूलने का आरोप है। पुलिस ने बताया कि उन्हें जलालाबाद के प्रॉपर्टी डीलर सुनील कुमार से शिकायत मिली थी कि जगदीप गोल्डी कंबोज के पिता बलात्कार के एक मामले में उसे बचाने के लिए 10 लाख रुपये की मांग कर रहे हैं। इस मामले में हमने विधायक के पिता सहित 4 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। हमें विधायक की ओर से कोई सिफारिश नहीं मिली है। हम कानून के मुताबिक कार्रवाई करेंगे।

क्या है पूरा मामला

विधायक जगदीप गोल्डी कंबोज के पिता पर ब्लैकमेलिंग और डरा-धमकाकर जबरन वसूली का आरोप लगा है। इसकी शिकायत सुनील कुमार नाम के प्रॉपर्टी डीलर ने की थी। जिसके बाद पुलिस ने विधायक के पिता पर 384, 389 व 34 IPC के तहत केस दर्ज कर लिया है। प्रॉपर्टी डीलर सुनील कुमार ने अपनी शिकायत में कहा है कि शाम को मेरे पास रानो बाई नामक महिला का फोन आया था।

महिला ने कहा कि उसने अपना मकान बेच दिया है। अब उसे नया मकान लेना है। इसके बाद वह नया मकान दिखाने के लिए बाइक पर बिठाकर ले गया। इसके बाद महिला चली गई। इसके बाद शाम को उसी महिला का फोन आया कि उसका बेटा इसे पीट रहा है औऱ प्रॉपर्टी डीलर पर मकान दिखाने के बहाने रेप का आऱोप लगा रहा है।

इसके बाद डीलर के पास विधायक के पिता सुरिंदर कंबोज का फोन आया कि महिला ने रेप की शिकायत की है। अगर बचना है तो वह उसके पास आ जाए वह समझौता करवा देगा। पूरे मामले को रफा-दफा करने के लिए उसे 10 लाख रुपये देने होंगे वरना उसके के खिलाफ रेप का मामला दर्ज करवा दिया जाएगा।

आप विधायक का क्या कहना है

वहीं इस मामले में विधायक ने कहा है कि उनका अपने पिता से कोई लेना-देना नहीं है। उनसे उनकी बातचीत नहीं है। विधायक का कहना है कि उनके पास पिता की गिरफ्तारी की खबर आ गई थी। उन्होंने कहा कि पुलिस अपने हिसाब से कार्रवाई कर सकती है।