कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु स्थित विधानसभा भवन ‘विधाना सौडा’ में सोमवार को एक 44 वर्षीय व्यक्ति ने कथित तौर पर आत्महत्या का प्रयास किया। व्यक्ति की पहचान आर रवीना कुमार के रूप में की गई है। वह भवन के बाथरूम में खून से लथपथ गिरा पड़ा था। उसकी कलाई और गर्दन कटी हुई थी। उसे तत्काल शहर के बॉरिंग और लेडी कर्जन अस्पताल ले जाया गया, जहां अभी उनका इलाज चल रहा है। कुमार एक कागज का बंडल भी अपने साथ ले जा रहे थे, जो घटनास्थल के पास पड़ा मिला। बताया जाता है कि कुमार कर्नाटक के चिक्काबल्लापुर जिले के निवासी हैं।

न्यूज 18 की रिपोर्ट के अनुसार, बेंगलुरु सेंट्रल के डीसीपी डी. देवराज ने कहा, “वे यहां 1 से 1:30 के बीच आए थे। वे चिक्काबल्लापुर में एक लाइब्रेरियन के तौर पर कार्यरत थे। हमने उनकी नौकरी से जुड़े कुछ दस्तावेज बरामद किए हैं। हम उसके बारे में जांच कर रहे हैं कि उसने कैसे और क्यों ब्लेड, चाकू या किसी अन्य नुकीली चीज से गला काट लिया। फिलहाल अभी तक इस बारे में किसी तरह की जानकारी नहीं मिल सकी है कि उनका यहां आने का मकसद क्या था और वे किससे मिलने आये थे। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर है।”

बेटी से दो साल तक दुष्कर्म: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के सीबीगंज थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति द्वारा अपनी बेटी से कथित तौर पर दो साल तक दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। मामला सामने आने के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
पुलिस अधीक्षक (नगर) अभिनन्दन सिंह ने बताया कि आरोपी की पत्नी ने शिकायत दर्ज कराई कि उसका पति उसकी 15 वर्षीय बेटी का दो साल से यौन शोषण कर रहा है।

उन्होंने दर्ज मामले के आधार पर बताया कि घटना का पता तब चला जब एक दिन पीड़िता की छोटी बहन ने अचानक पिता की करतूत को देख लिया और इसकी जानकारी अपनी मां को दी। सिंह ने बताया कि आरोपी पीड़िता को मुंह खोलने पर जान से मारने की धमकी देता था। उन्होंने बताया की थाना सीबीगंज पुलिस ने दुष्कर्म और पॉक्सो कानून के तहत आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वह फरार है और उसकी तलाश जारी है। (भाषा इनपुट के साथ)