Mumbai Crime News: मुंबई पुलिस (Mumbai Police) ने एक महिला और उसके चार बच्चों की हत्या के मामले में 28 साल बाद पहली गिरफ्तारी की है। अठाईस साल पहले एक महिला और उसके चार बच्चों की मुंबई के काशीमीरा में उनके घर पर हत्या कर दी गई थी। मीरा भायंदर वसई विरार पुलिस (MBVV Police) ने गुरुवार को इस मामले में पहली गिरफ्तारी की। नवंबर 1994 में हुई हत्याओं में कथित रूप से शामिल तीन लोगों में से एक राजकुमार चौहान को मुंबई हवाई अड्डे (Mumbai Airport) से गिरफ्तार किया गया। वहीं, इस मामले के अन्य आरोपी दो भाई अनिल और सुनील सरोज अभी भी फरार हैं।

Crime Branch ने फिर से खुलवाई केस की फाइल

दरअसल, हाल ही में गठित एमबीवीवी कमिश्नरेट में अपराध शाखा (Crime Branch Unit- I) के वरिष्ठ निरीक्षक (SI) के रूप में जब अविराज कुराडे ने पदभार ग्रहण किया। इसके बाद उन्होंने बिना तहकीकात के रह गए सभी प्रमुख मामलों की सूची मांगी। कुल मिलाकर ऐसे 11 मामले पाए गए। इनमें सबसे क्रूर मामला जागरणीदेवी प्रजापति (27) और उनके चार बच्चों (जिनमें एक तीन महीने का बच्चा भी शामिल था) की हत्या का था। कुराडे ने इस केस की फाइल को खुलवाई।

Murder Case के 12 साल बाद महिला के पति की मौत

सीनियर इंस्पेक्टर कुराडे ने बताया कि केस में इकलौते बचे जागरणीदेवी के पति की भी साल 2006 में एक दुर्घटना में मौत हो गई थी। इस वजह से केस में आगे की कार्रवाई रुक गई थी। कुराडे ने केस के बारे में बताया कि “एक बार आरोपियों में से एक ने जागरणीदेवी का हाथ पकड़ लिया था, जिसके कारण भाइयों और उसके परिवार के बीच झगड़ा हो गया था। बाद में, एक और लड़ाई हुई थी। उसके बाद आरोपी ने बदला लेने का फैसला किया। एक दिन जब जागरणीदेवी का पति घर से बाहर गया तो आरोपी आया और पांचों की हत्या (Murder) कर दी। आरोपियों ने उनके खून से सने कपड़े फेंक दिए और भाग गए।

आरोपी के खिलाफ Look Out Circular जारी

इस जघन्य हत्याकांड (Murder Case) की जांच में जुटी पुलिस टीम ने पाया कि मामले के सभी आरोपी उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे। कुराडे ने कहा कि जून 2021 में एक टीम उत्तर प्रदेश में भेजी गई थी। इस टीम ने यूपी स्पेशल टास्क फोर्स (UP STF) की मदद से आरोपियों के बारे में जानकारी जुटानी शुरू की। फोन को सर्विलांस पर लगाने समेत तमाम दूसरी जांच के बाद पुलिस ने पाया कि राजकुमार चौहान उर्फ ​​कालिया कतर (Qatar) का रहने वाला है। उसके पासपोर्ट की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (Look Out Circular) जारी करवाया।

Mumbai Airport पर गिरफ्तार हुआ आरोपी राजकुमार चौहान

कुराडे ने बताया कि गुरुवार को राजकुमार चौहान को छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, मुंबई (Mumbai Airport) पर हिरासत में लिया गया। वह किसी काम से मुंबई पहुंचा ही था। इसके बाद एमबीवीवी पुलिस (MBVV Police) ने उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस ने पाया कि चौहान हत्या के समय उसी इलाके में रहने वाले अनिल और सुनील के साथ गया था। अनिल और सुनील दोनों भाई हत्याकांड वाले इलाके में ही रहते थे। महिला और बच्चों की लड़ाई इन्हीं दोनों आरोपियों से हुई थी। कुराडे ने कहा, “हमें उम्मीद है कि चौहान की पूछताछ की मदद से अन्य दो आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार (Arrest) कर लिया जाएगा।”