तमिलनाडु के चेन्नई में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां के पल्लीरनई इलाके में एक 23 साल की लड़की पर अवैध बैनर गिरने से मौत हो गई। मृतक लड़की की पहचान शुभाश्री के रूप में की गई है। जानकारी के मुताबिक एआईएडीएमके( ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम) का अवैध बैनर शुभाश्री पर गिर गया और शुभाश्री वहीं पर गिर पड़ी। इसके बाद पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उस पर गाड़ी चढ़ा दी। इसके बाद उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया जहां पर उसे मृत घोषित कर दिया गया।
लगाया गया था बैनः मद्रास उच्च न्यायालय (एमएचसी) के कई चेतावनियों और आदेशों के बावजूद राजनीतिक दलों और उनके समर्थकों ने अभी भी लोगों के जीवन को खतरे में डालते हुए ऐसे अवैध होर्डिंग्स लगाते हैं। साल 2017 में मद्रास उच्च न्यायालय ने तमिलनाडु में मुख्य सिग्नलों पर बैनर, होर्डिंग्स और विज्ञापनों पर बैन लगाने का आदेश जारी किया था। यह फैसला एक सामाजिक कार्यकर्ता द्वारा दायर एक जनहित याचिका के बाद दिया गया था।
होर्डिंग आम आदमी की असुविधा का कारणः याचिका में शहर में समारोहों के दौरान होर्डिंग्स लगाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई थी। इस मामले में उच्च न्यायालय ने कहा कि ये होर्डिंग्स आम आदमी के लिए असुविधाओं का कारण हैं और सड़कों पर दुर्घटनाओं का कारण बन सकते हैं। हालांकि, राज्य में सत्तारूढ़ अन्नाद्रमुक और कई अन्य दलों ने नियमों का बार-बार उल्लंघन किया है।
पहले भी हो चुकीं घटनाएंः बता दें बैनर के कारण मौत की यह पहली घटना नहीं है बल्कि इससे पहले भी यहां कई घटनाएं हो चुकी हैं। इससे पहले पुणे में एक अन्य घटना में साल 2018 में रेलवे की जमीन पर एक विशाल होर्डिंग फ्रेम गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई और छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जूना बाजार क्षेत्र के पास शहीद अमर चौक पर होर्डिंग लगाया गया था। जब होर्डिंग गिरा तो इस हादसे में 6 ऑटोरिक्शा, तीन दोपहिया और एक कार को कुचल उठे थे। शाहिर अमर चौक शहर के व्यस्ततम जगहों में से एक है क्योंकि यह शहर को कलेक्टरेट और कैंप क्षेत्र से जोड़ता है।

