DNH Human Sacrifice Case: केंद्र शासित प्रदेश दादरा और नगर हवेली (Dadra and Nagar Haveli) में एक नौ साल के लड़के का क्षत-विक्षत शव (Mutilated Body) वलसाड में मिलने के एक हफ्ते बाद पुलिस ने मंगलवार को दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों को कथित रूप से रुपए की लालच में एक जादू टोने की रस्म (Witchcraft Ritual) के तहत बच्चे की हत्या करने (Human Sacrifice) के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
29 दिसंबर 2022 को लापता हुआ था बच्चा
पुलिस ने नरबलि की घटना के सिलसिले में एक 16 वर्षीय लड़के को भी हिरासत में लिया था। पुलिस के अनुसार दादरा नगर हवेली के मुख्यालय सिलवासा के निकट सयाली गांव निवासी नौ वर्षीय चैता गणेशभाई कोहला 29 दिसंबर 2022 को अपने घर के बाहर से लापता हो गया था। वलसाड जिले के वापी तालुका के कारवाड़ गांव में एक नहर में उसका शव मिला था। क्षत विक्षत शव से सिर और दाहिना पैर नदारद पाया गया था। लापता अंग 5 जनवरी को सयाली गांव में कब्रिस्तान के पास बरामद किए गए थे।
परिवार और गांव वालों ने लगाया जादू-टोने में हत्या का आरोप
इसके बाद लड़के के परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बच्चा जादू टोना का शिकार हो गया था। बच्चे का क्षत विक्षत शव मिलने के एक दिन बाद पुलिस ने एक 16 वर्षीय लड़के को हिरासत में लिया था। उसने कथित तौर पर बच्चे की हत्या में अपने शामिल होने के बारे में खुलासा किया था। इस संगीन मामले में उसने अपने दो दोस्तों के शामिल होने के बारे में भी बताया था।
नरबलि में नाबालिग की मदद करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
इस निशानदेही के बाद मंगलवार को पुलिस ने नाबालिग की मदद करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी की पहचान वापी तालुका के कराड गांव के रहने वाले 28 साल के शैलेश कोहकेरा और डांग जिले के सुबीर तालुका के मूल निवासी और डीएनएच के अथल गांव निवासी 53 साल के रमेश सांवर के रूप में की गई है।
YouTube पर वीडियो देखकर पैसे की लालच में नर बलि
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक हिरासत में लिए गए नाबालिग ने चैता का अपहरण कर लिया था। उसने YouTube पर वीडियो देखा था कि कैसे बड़ी रकम हासिल करने के लिए नर बलि दी जाती है। शैलेश और रमेश ने अगवा लड़के को मारने और अनुष्ठान करने में उस नाबालिग की मदद की। तीनों ही इस अंधविश्वास के चक्कर में संगीन जुर्म कर बैठे। अब उन्हें जिंदगी का बड़ा हिस्सा कानूनी कार्रवाइयों में गुजारना पड़ेगा।
Children Remand Home भेजा गया नाबालिग आरोपी
दादरा नगर एवं हवेली (DNH) के पुलिस अधीक्षक (SP) आर पी मीणा ने कहा कि इस मामले में हिरासत में लिए गए 16 वर्षीय लड़के को सूरत के चिल्ड्रन रिमांड होम भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपियों द्वारा हत्या के लिए इस्तेमाल किए गए धारदार हथियारों को बरामद कर लिया है। उनके खिलाफ आईपीसी की धारा 302 (हत्या), 201 (अपराध के सबूत मिटाने) और 120 (बी) (आपराधिक साजिश) के तहत मामला दर्ज किया गया है। मीना ने कहा कि इस मामले में पुलिस और ज्यादा जानकारी हासिल करने की कोशिश कर रही है।