आगरा जिले में तीन लड़कों पर एक 15 साल की लड़की का सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप है। रिपोर्ट है कि घटना के बाद एक आरोपी ने फांसी लगाकर जान दे दी। शायद वह पकड़े जाने से डर गया था। तीनों आरोपी लड़कों की उम्र 18 से 20 साल के बीच की है। आरोपियों ने लड़की का अपहरण कर उसका दुष्कर्म किया। लड़की ने जब परिवार को अपने साथ हुई घटना के बारे में जानकारी दी तो उन्होंने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। इसके बाद एक आरोपी को जब पता लगा कि लड़की के परिजन उनकी तलाश कर रहे हैं तो उसने फांसी लगा ली। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
लड़की को ऑटोरिक्शा में खींचा
मामले में पुलिस का कहना है कि यह घटना तब हुई जब लड़की अपने पिता की फल की दुकान से लौट रही थी। एक बाइक सवार आरोपी ने उसे रोक लिया। इसके बाद ड्राइवर और उसके साथी ने लड़की को एक ऑटोरिक्शा में खींच लिया और उसका दुष्कर्म किया। बाद में आरोपियों ने गांव के बाहरी इलाके में एक आश्रम के बाहर लड़की को फेंक दिया गया।
मंगलवार को उसके पिता द्वारा दर्ज की गई शिकायत के आधार पर आईपीसी की धारा 363 (अपहरण), 376-डी (सामूहिक बलात्कार) और पोक्सो अधिनियम के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
गिरफ्तारी के डर से एक आरोपी ने लगाई फांसी
वहीं सहायक पुलिस आयुक्त आनंद कुमार पांडे ने कहा, “आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए तलाशी शुरू की गई। जांच के दौरान हम आगरा के शमशाबाद पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आरोपियों के गांव तक पहुंचे। जहां गिरफ्तारी के डर से एक बलात्कारी ने अपने घर के बाहर एक पेड़ पर फांसी लगा ली।” उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मामले में पुलिस उपायुक्त सोमेंद्र मीणा ने कहा कि फिलहाल ऑटोरिक्शा चालक को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। फरार आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए छह टीमें गठित की गई हैं। फिलहाल आरोपियों की मेडिकल जांच कराई जा रही है। आगे की कार्रवाई की जाएगी।