इलेक्ट्रिक कार बनाने वाली अमेरिकी कंपनी टेस्ला के सीईओ एलन मस्क ने बड़ा सरप्राइज दिया है। एलन मस्क अब दुनिया के सबसे दौलतमंद शख्स बन गए हैं।
एलन मस्क ने इस मामले में अमेजन के फाउंडर जेफ बेजोस को पछाड़ दिया है। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर इंडेक्स के मुताबिक शुक्रवार को एलन मस्क की कुल संपत्ति 195 बिलियन डॉलर के करीब रही। वहीं, जेफ बेजोस की बात करें तो उनकी संपत्ति 185 बिलियन डॉलर के करीब है। इस हिसाब से संपत्ति में करीब 10 बिलियन डॉलर का अंतर है। 49 साल के मस्क का नेटवर्थ पिछले एक साल में करीब छह गुना बढ़ा है। यह इतिहास में सबसे तेज वेल्थ क्रिएशन है।
एलन मस्क ने ये सफलता ऐसे समय में हासिल की है जब टेस्ला की भारत में एंट्री होने वाली है। कंपनी जून 2021 में भारतीय बाजार में उतर सकती है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी भी इसकी पुष्टि कर चुके हैं। उम्मीद की जा रही है कि टेस्ला अपनी कार के ‘Model 3’ को भारतीय बाज़ार में उतारेगी।
आपको बता दें कि साल 2020 में टेस्ला की वार्षिक बिक्री में 36 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। कंपनी ने 2020 में 499,500 वाहनों की डिलिवरी की। इनमें अक्टूबर से दिसंबर के दौरान 180,570 SUV और सेडान की डिलिवरी शामिल है।
हालांकि, कंपनी पांच लाख वाहनों की डिलिवरी के वार्षिक लक्ष्य से पीछे रह गयी। एलन मस्क ने कोरोना वायरस महामारी का प्रकोप शुरू होने से पहले 2020 में पांच लाख वाहनों की डिलिवरी का लक्ष्य रखा था।
मुकेश अंबानी को झटका: इस बीच, रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी की दौलत में लगातार गिरावट आ रही है। ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स की मानें तो मुकेश अंबानी का नेटवर्थ 73 बिलियन डॉलर है। मुकेश अंबानी अब अमीरों की सूची में भी खिसक कर 13वें पायदान पर आ गए हैं। वहीं, एशिया के दौलतमंद लोगों की सूची में दूसरे स्थान पर बने हुए हैं।