सुप्रीम कोर्ट ने सहारा प्रमुख सुब्रत रॉय को चार सप्ताह के पैरोल पर रिहा करने का आदेश दिया है। सुब्रत रॉय की मां के निधन के चलते उन्हें पैरोल दिया गया है। उनकी मां का गुरुवार रात लखनऊ में निधन हो गया था। सुब्रत रॉय तिहाड़ जेल में बंद हैं और मां के निधन पर उन्होंने लखनऊ आने के लिए सुप्रीम कोर्ट से पैरोल मांगी थी।
बता दें कि सुब्रत रॉय की मां छबि रॉय की उम्र 95 साल थी और वह लंबे वक्त से बीमार थीं। गुरुवार देर रात 1:34 बजे उन्होंने लखनऊ में आखिरी सांस ली। छबि रॉय दो साल से बेटे से मिलने का इंतजार कर रही थीं। छबि रॉय का जन्म बिहार के अररिया में हुआ था। सुब्रत राय ने भी सुप्रीम कोर्ट को कई बार मां की खराब तबीयत का हवाला देते हुए जमानत की गुहार लगाई थी।
सुब्रत रॉय ने पहले भी मां की बीमारी का हवाला देते हुए जमानत देने की मांग की थी। सुब्रत रॉय 4 मार्च 2014 से जेल में हैं। सहारा समूह पर निवेशकों के 24 हजार करोड़ रुपये न लौटाने का आरोप है। इसी महीने की एक तारीख को सुब्रत रॉय के वकीलों ने गर्मी न सह पाने के कारण उन्हें जमानत देने की अपील की थी।
Read Also: सुब्रत रॉय को जेल भेजे जाने पर उठाए गए सवाल पर कोर्ट का जवाब- हमें भाषण मत दो