Central Government Retirement Age Claim Truth: सोशल मीडिया पर पिछले कई दिनों से एक पोस्ट वायरल है। इस पोस्ट में केंद्रीय कर्मचारियों की रिटायरमेंट उम्र बढ़ने का दावा किया गया है। इस पोस्ट के मुताबिक, केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों की रिटायरमेंट उम्र बढ़ाकर 62 वर्ष कर दी गई है। लेकिन क्या वाकई ऐसा हुआ है? क्या है इस दावे की सच्चाई? क्या सरकार ने अपने कर्मचारियों की रिटायरमेंट उम्र बढ़ा दी है? चलिए जानते हैं इस दावे की सच्चाई…
सोशल मीडिया पोस्ट पर वायरल हो रहे इस मैसेज की सच्चाई जानने से पहले यह जानना जरूरी है कि केंद्रीय व राज्यों के सरकारी कर्मचारियों की रिटायरमेंट उम्र आखिर है कितनी? आपको बता दें कि केंद्रीय व राज्य कर्मचारी 60 वर्ष की उम्र पर रिटायर होते हैं।
8th Pay Commission: आठवें वेतन आयोग के लागू होने पर सरकारी कर्मचारियों की सैलरी और पेंशन कितनी होगी?
केंद्रीय कर्मचारियों की रिटायरमेंट एज बढ़ने का दावा करने वाली सोशल मीडिया पोस्ट में आखिर है क्या?
आपको बता दें कि वायरल मैसेज में दावा किया गया है कि यूनियन कैबिनेट ने केंद्रीय कर्मचारियों की रिटायरमेंट उम्र बढ़ाकर 62 वर्ष कर दी है जो 1 अप्रैल 2025 से प्रभावी होगी। इस पोस्ट में इस फैसले के खिलाफ दिए गए कारण भी दिखाए गए हैं और दावा किया गया है कि सरकार ने देश में जीवर दर बढ़ने व राष्ट्र के विकास के लिए अनुभवी कर्मचारियों की जरूरत के चलते लिया है।
इसके अलावा,पोस्ट में यह भी कहा गया है कि केंद्र का इरादा बढ़ते हुए पेंशन बोझ को नियंत्रित करने का है। और रिटायरमेंट की उम्र के बढ़ने से प्रशासनिक सुधार में मदद मिलेगी।
PIB Fact Check
प्रेस इन्फोर्मेशन ब्यूरो (PIB) की फैक्ट-चेक यूनिट ने इस फर्जी सोशल मीडिया पोस्ट में किए जा रहे दावे की सच्चाई बताई है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पीआईबी एक बयान में इस केंद्रीय कर्मचारियों की रिटायरमेंट उम्र बढ़ने के दावे को झूठ बताया है।
पीआईबी के मुताबिक, ‘सोशल मीडिया पर वायरल हो रही एक खबर में दावा किया गया है कि भारत सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों की रिटायरमेंट उम्र 2 साल बढ़ाने का फैसला किया है। यह दावा फर्जी है। भारत सरकार ने ऐसा कोई फैसला नहीं किया है। बिना सत्यता जांचे ऐसी खबरें साझा ना करें।’
सोशल मीडिया पर दिखी खबरों की सत्यता जांचे
-हमारी सलाह है कि अगर आप ऐसे किसी संदिग्ध मैसेज सोशल मीडिया पर देखते हैं, तो आप उसकी ऑथेंटिसिटी चेक कर सकते हैं। आप इस तरह के मैसेज को सत्यता जांचने के लिए https://factcheck.pib.gov.in पर भेज सकते हैं।
-इसके अलावा, आप चाहें तो फैक्ट चेक के लिए +918799711259 पर व्हाट्सऐप मैसेज भी कर सकते हैं।
-पीआईबी की ईमेल आईडी pibfactcheck@gmail.com पर भी मैसेज भेजा जा सकता है।
-इसके अलावा https://pib.gov.in पर भी फैक्ट चेक इन्फोर्मेशन उपलब्ध रहती है।