मुकेश अंबानी की रिलायंस जियो अब 4 जी सिम के साथ एक बजट लैपटॉप लॉन्च करने जा रही है, जिसकी कीमत 15000 रुपए होगी। कंपनी इसे सस्ते 4जी स्मार्टफोन जियोफोन की तर्ज पर मार्केट में लाएगी। इस लैपटॉप का नाम जियोबुक हो सकता है, जो सस्ती कीमत के दम पर बड़े पैमाने पर यूजर्स को आकर्षित करेगा।

बताया जा रहा है कि तीन महीने के अंदर लॉन्च किया जाएगा। सूत्रों ने बताया कि लैपटॉप इस महीने से स्कूलों और सरकारी संस्थानों के लिए उपलब्ध होगा। रायटर्स ने सूत्रों के हवाले से बताया कि इस बजट लैपटॉप को बनाने के लिए रिलायंस जियो ने क्वॉलकाम और माइक्रोसॉफ्ट जैसी बड़ी टेक कंपनियों के साथ साझेदारी की है। क्वॉलकाम कंपनी आर्म लिमिटेड की टेक्नोलॉजी से तैयार चिपसेट लैपटॉप के लिए उपलब्ध कराएगी, जबकि लैपटॉप के लिए माइक्रोसॉफ्ट विंडोज ओएस सपोर्ट देगा।

रिलायंस जियो की तरफ से आधिकारिक तौर पर अपकमिंग लैपटॉप के बारे में कोई जानकारी फिलहाल नहीं दी गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जियो लैपटॉप सबसे पहले एंटरप्राइज ग्राहकों को उपलब्ध करवाए जाएंगे, जिनमें स्कूल और सरकारी संस्थान शामिल हैं। इसके बाद आम यूजर्स के लिए जियो लैपटॉप बाजारों में उपलब्ध करवाए जाएंगे।

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार (1 अक्टूबर, 2022) को इंडिया मोबाइल कांग्रेस के पहले दिन 5G सेवाएं को देश में लॉन्च कर दिया। इस मौके पर रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी और उनके बेटे आकाश अंबानी भी मौजूद थे। Jio 5G रोलआउट 1 अक्टूबर से देश के बड़े शहरों में शुरू किया जा चुका है। इस मौके पर मुकेश अंबानी ने भरोसा दिलाया कि जल्द ही देश, 5G की सुपरफास्ट इंटरनेट सेवाओं का आनंद ले पाएगा। दीवाली तक चुनिंदा मैट्रो शहरों में और 2023 के अंत तक पूरे देश के हर शहर में 5 जी सर्विस शुरू कर दी जाएगी।

उन्होंने यह भी इशारा किया कि दुनिया के मुकाबले भारत में 5G सेवाएं सस्ती होंगी। उन्होंने कहा, “5G का रोलआउट भारत के दूरसंचार इतिहास में कोई सामान्य घटना नहीं है। देश ने भले ही थोड़ी देर से शुरुआत की हो, लेकिन हम दुनिया की तुलना में उच्च गुणवत्ता वाली और अधिक किफायती 5G सेवाओं को शुरू करेंगे।”