पिछले महीने कारोबारी मुकेश अंबानी की संपत्ति 40,000 हजार करोड़ रुपए बढ़कर 4.2 लाख करोड़ रुपए (करीब 59 अरब डॉलर) हो गई। अंबानी की संपत्ति में बढ़ोतरी का सबसे बड़ा कारण रहा रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) के शेयर, जिसमें हाल के समय में 9.6 फीसदी की बढ़ोतरी हुई। खास बात है कि RIL ने अपने शेयरों में बढ़ोतरी के चलते भारत की सबसे मूल्यवान कंपनी का खिताब भी पा लिया है। कंपनी ने अपने प्रतिस्पर्धी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) को भी पछाड़ दिया।

बीते शुक्रवार को RIL का बाजार पूंजीकरण 8.57 लाख करोड़ रुपए रहा जबकि TCS का 7.46 लाख करोड़ रुपए रहा। RIL के शेयरों में बढ़ोतरी के चलते बीते दो-तीन सप्ताह में दोनों कंपनियों के बीच रिकॉर्ड 1.1 लाख करोड़ का अंतर आ गया जबकि TCS को ब्रिकी के दबाव का सामना करना पड़ा। आंकड़ों की बात करें तो बीते एक महीने में RIL का शेयर 9.6 फीसदी बढ़कर 1352.40 रुपए का हो गया जबकि 7.75 फीसदी की गिरावट के साथ TCS का शेयर 1987.05 रुपए पर पहुंच गया। इस दौरान BSE सेंसेक्स में 2 फीसदी की तेजी देखी गई।

अंबानी की संपत्ति में बढ़ोतरी का एक सबसे बड़ा कारण रिलायंस जियो को भी माना जा रहा है जो बाजार में लागातार मुनाफा कमा रहा है। अनुमान के मुताबिक रिलायंस जियो को अपने प्रतिद्वंद्वियों (भारती एयरटेल और वोडाफोन आइडिया) की तुलना में बेहतर कमाई का लाभ मिला है। जियो की प्रतिद्वंदी कंपनियां बाजार से लगातार अपने ग्राहकों खो रही है। एक्सिस कैपिटल द्वारा जारी अनुमानों के मुताबिक दूसरी तिमाही में रिलायंस जियो की ऑपरेटिव इनकम में 5.2 फीसदी की बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।

उल्लेखनीय है कि हाल में फोर्ब्स ने भारत के 100 सबसे अमीर कारोबालियों की लिस्ट जारी की। इसमें रिलायंस इंडस्ट्रीज प्रमुख मुकेश अंबानी लगातार 12वें साल चोटी पर रहे। तब उनकी संपत्ति 50 बिलियन डॉलर से ज्यादा आंकी गई।