अनिल अंबानी के नेतृत्व वाले रिलायंस समूह ने अपना मल्टीप्लेक्स कारोबार दक्षिण भारत के कार्निवल समूह को बेच दिया है। यह इस क्षेत्र का अब तक का सबसे बड़ा सौदा बताया जा रहा है।
कंपनी ने हालांकि इस सौदे के आकार का खुलासा नहीं किया। पर आज जारी एक संयुक्त बयान में कहा गया है कि इस सौदे से रिलायंस मीडियावर्क्स के ऋण के अंतरण और नकद भुगतान से रिलायंस कैपिटल के कुल रिण में 700 करोड़ रुपए की कमी आएगी। यह रिलायंस कैपिटल की अल्पांश निवेश वाले क्षेत्र से निकलने की रणनीति का हिस्सा है।
आज यहां जारी एक बयान में कहा गया कि इस सौदे के बाद कार्निवल तीसरी सबसे बड़ी मल्टीप्लेक्स परिचालक बन जाएगी जिसके देश भर में 300 से अधिक स्क्रीन होंगे।
बयान में कहा गया कि कार्निवल सिनेमाज और रिलायंस मीडियावर्क्स के बीच हुए सौदे में आईमैक्स वडाला (मुंबई) और कुछ अन्य संपत्तियां शामिल नहीं हैं, जिनका कुल मूल्य 200 करोड़ रुपए है।
रिलायंस कैपिटल, रिलायंस मीडियावर्क्स की मूल कंपनी है जो ‘बिग सिनेमाज’ ब्रांड के तहत सबसे बड़ी सिनेमा श्रृंखलाओं में से एक का परिचालन करती है। देश भर में इस ब्रांड के 250 से अधिक स्क्रीन हैं।
रिलायंस कैपिटल के मुख्य कार्यकारी सैम घोष ने कहा ‘‘हमें खुशी है कि रिलायंस मीडियावर्क्स के मल्टीप्लेक्स कारोबार की बिक्री के जरिए तेजी से वृद्धि दर्ज करने के लिए कार्निवल समूह के साथ दीर्घकालिक संबंध शुरू हुआ है।’’
कार्निवल समूह के चेयरमैन श्रीकांत भासी ने कहा ‘‘कार्निवल समूह 2017 तक अपने स्क्रीन की संख्या बढ़ाकर 1,000 करने का लक्ष्य प्राप्त करना चाहता है।’’
प्रस्तावित सौदे को सांविधिक तथा अन्य मंजूरी मिलनी बाकी है और उम्मीद है कि चालू वित्त वर्ष में पूरा हो जाएगा। रिलायंस कैपिटल, रिलायंस मीडियावर्क्स की प्रवर्तक कंपनी है और उसके पास देश की सबसे बड़ी सिनेमा की श्रंखलाओं में से एक है। यह बिग सिनेमा ब्रांड नाम से 250 से अधिक स्क्रीन चला रही है। इस सौदे के लिए नियामकीय स्वीकृति ली जानी है।