फिल्म अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा देश के सफल बिजनेसमैन में शुमार हैं। उनके पास हजारों करोड़ रुपए की संपत्ति है। शनिवार को मुंबई की क्राइम ब्रांच ने राज कुंद्रा को गिरफ्तार किया है। कुंद्रा पर पोर्न फिल्में बनाने का आरोप है। पुलिस का दावा है कि राज कुंद्रा अपने एक रिश्तेदार के साथ मिलकर यह काम करते हैं। आज कुंद्रा को कोर्ट में पेश किया जाएगा।

राज कुंद्रा एक ब्रिटिश-भारतीय कारोबारी हैं। वह कई प्रकार के कारोबार करने के साथ क्रिकेट और मिक्स्ड मार्शियल आर्ट के भी शौकीन हैं। उन्होंने क्रिकेट और मिक्स्ड मार्शियल आर्ट में काफी निवेश किया है। 2012 में उन्होंने सुपर फाइट लीग की शुरुआत की थी। यह लीग भारत के मिक्स्ड मार्शियल आर्ट प्रोफेशनल्स को लड़ने के मौका देती है। मिक्स्ड मार्शियल आर्ट एक प्रकार का बॉक्सिंग जैसा खेल है।

4 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा की नेटवर्थ: राज कुंद्रा की कुल नेटवर्थ 550 मिलियन डॉलर करीब 4 हजार करोड़ रुपए है। 2004 में राज कुंद्रा ब्रिटेन के 198वें सबसे अमीर व्यक्ति की उपलब्धि हासिल कर चुके हैं। मिक्स्ड मार्शियल आर्ट के अलावा राज कुंद्रा कई कंपनियों के मालिक हैं। इसमें ग्रुपको डेवलपर्स, टीएमटी ग्लोबल, विवान इंडस्ट्रीज, जेएल स्ट्रीम प्राइवेट लिमिटेड जैसी कंपनियां शामिल हैं। इसके अलावा राज कुंद्रा आईपीएल टीम राजस्थान रॉयल्स के को-पार्टनर भी हैं।

शिल्पा शेट्टी से 10 गुना ज्यादा कमाई: कारोबारी राज कुंद्रा और अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी की शादी 22 नवंबर 2009 को हुई थी। राज कुंद्रा अपनी पत्नी शिल्पा शेट्टी से 10 गुना ज्यादा कमाई करते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, शिल्पा शेट्टी की सालाना कमाई 10-12 करोड़ रुपए है और उनकी कुल नेटवर्थ 150 करोड़ रुपए के आसपास है। राज कुंद्रा की कमाई शिल्पा शेट्टी से 10 गुना ज्यादा यानी 100 करोड़ रुपए से ज्यादा है।

अपने दम पर पाई सफलता: राज कुंद्रा ने यह सफलता अपने दम पर पाई है। राज कुंद्रा के पिता पंजाब के लुधियाना में बस कंडक्टर थे। यहां से वे लंदन चले गए और वहां पर छोटा सा कारोबार शुरू किया। लंदव में ही राज कुंद्रा का जन्म हुआ। 18 साल की उम्र में राज कुंद्रा दुबई गए। इसके बाद वे नेपाल गए और पश्मीना शॉल का कारोबार शुरू किया। वे इन शॉल की सप्लाई ब्रिटेन के सभी प्रमुख फैशन हाउसेज में करते थे। इस कारोबार में सफलता के बाद कुंद्रा दुबई लौटे और एक कंपनी की स्थापना की। यह कंपनी कीमती पत्थर, कंस्ट्रक्शन, माइनिंग और ग्रीन एनर्जी प्रोजेक्ट से जुड़े काम करती थी। इसके बाद उन्होंने बॉलीवुड की फिल्मों के प्रोडक्शन में हाथ आजमाया।

राज कुंद्रा की दूसरी पत्नी है शिल्पा शेट्टी: राज कुंद्रा ने दो शादियां की हैं। उनकी पहली शादी कविता कुंद्रा से हुई थी। लेकिन बाद में दोनों का तलाक हो गया। 2009 में राज कुंद्रा ने अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी से शादी की। राज कुंद्रा कुल 3 बच्चों के पिता हैं। इसमें पहली पत्नी से 1 बेटी और शिल्पा शेट्टी से एक बेटा और एक बेटी शामिल हैं। राज कुंद्रा के बेटे का नाम विवान और बेटी का नाम समिशा है।