Petrol-Diesel Price cut: लोकसभा चुनाव 2024 से पहले पेट्रोल और डीजल के दाम में कटौती की संभावना को सरकार ने खारिज कर दिया है। नई दिल्ली में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में पेट्रोलियम और नेचुरल गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि भारत विश्व स्तर में सबसे तेजी से बढ़ते बाजारों में से एक है। और इसके साथ-साथ ऊर्जी की भी जरूरत बढ़ी है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि दुनियाभर में जारी उथल-पुथल के बीच विकसित और पड़ोसी देशों तक में ईधन की कीमतों में बढ़ोत्तरी देखी गई है। लेकिन भारत ईधन की कीमतों को स्थिर करने में सक्षम रहा है।

उन्होंने आगे कहा, ‘दक्षिण एशियाई देशों में, पेट्रोल और डीजल के दाम 40 से 80 प्रतिशत तक बढ़े हैं। अगर आप पश्चिमी देशों को देखें तो वहां भी कीमतों में इजाफा हुआ है। लेकिन यहां कीमतें पहले से कम हुई हैं।’

दो बार पेट्रोल-डीजल के दाम कम करने वाला भारत एकमात्र देश

उन्होंने आगे बताया, ‘वहीं दूसरी तरफ, भारत दुनिया में एकमात्र ऐसा देश रहा जहां रिटेल पॉइन्ट पर वाकई में दो बार कीमतों में कटौती हुई- नवंबर 2021 और मई 2022 में। और हमने 2023 में इसे बरकरार रखा।’

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वर्तमान में भारत दुनिया में एनर्जी, ऑइल और LPG का तीसरा सबसे बड़ा उपभोक्ता है। भारत दुनिया में LNG इंपोर्टर, रिफाइनर और ऑटोमोबाइल मार्केट में चौथा सबसे बड़ा देश बना। जिसका मतलब है भारत में ऊर्जी की जरूरतें बहुत ज्यादा हैं।

उन्होंने समझाते हुए कहा, ‘लेकिन वैश्विक स्तर पर तेल की कीमतों में भारी अस्थिरता को देखते हुए, ईंधन पर किसी भी कीमत में कटौती सरकार के लिए मुश्किल है और इसलिए फिलहाल कीमत में कटौती पर ओएमसी (OMCs) के साथ कोई बातचीत नहीं हुई है।’