रिलायंस इंडस्ट्रीज की 46वीं वार्षिक आम बैठक हो रही है। रिलायंस के 46वें एजीएम को कंपनी के चेयरमैन मुकेश अंबानी (Reliance Industries Chairman Mukesh Ambani) ने संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने जियो एयर फाइबर का इंतजार कर रहे लोगों के लिए कहा कि गणेश चतुर्थी के दिन यानी 19 सितंबर को इसे लॉन्च किया जाएगा। एयर फाइबर के आने से कई बदलाव देखने को मिल सकता है।
रिलायंस AGM की 10 बड़ी बातें
- रिलायंस इंडस्ट्रीज के बोर्ड से नीता अंबानी बाहर हो गईं हैं। बोर्ड ने नॉन एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर्स के रूप में ईशा अंबानी, अनंत अंबानी और आकाश अंबानी की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। हालांकि रिलायंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन नीता अंबानी ही रहेंगी।
- मुकेश अंबानी ने रिलायंस की वार्षिक आम बैठक में कहा कि कंपनी ने पिछले 10 साल में 150 अरब डॉलर का निवेश किया है। यह अब तक किए गए निवेश का सर्वाधिक है। उन्होंने कहा कि हमने असंभव लगने वाले लक्ष्य तय किए और उन्हें हासिल किया है।
- मुकेश अंबानी ने जियो एयर फाइबर को लेकर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि 19 सितंबर यानी गणेश चतुर्थी के दिन जियो एयर फाइबर को लांच किया जाएगा। जियो एयर फाइबर के माध्यम से 5G नेटवर्क और बेहतरीन वॉयरलेस टेक्नोलॉजी का उपयोग होगा और अच्छी ब्रॉडबैंड सुविधा मिलेगी।
- मुकेश अंबानी ने कहा कि अगले 9 महीने में देश के 96% गावों में जियो की 5जी सर्विस मिलने लगेगी। उन्होंने कहा कि जियो का देश में बड़ा योगदान होगा और इसके 45 करोड़ से ज्यादा यूजर्स हो चुके हैं।
- मुकेश अंबानी ने कहा कि भारत में विश्व की अगवाई करने की क्षमता है क्योंकि भारत न रुकता है, न थकता है और न हारता है। उन्होंने कहा कि रिलायंस भारत की ग्रोथ में अपना योगदान देने के लिए तैयार है।
- मुकेश अंबानी ने बताया कि जियो एयर फाइबर 1 दिन में 1,50,000 कनेक्शन प्रोवाइड कर सकता है। यह फिजिकल फाइबर के जरिए ब्रॉडबैंड कनेक्शन देने की तुलना में करीब 10 गुना ज्यादा तेज है।
- मुकेश अंबानी ने कहा कि 2035 तक नेट कार्बन जीरो का लक्ष्य हमारा है और हम इसको लेकर ही आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसीलिए हम ग्रीन एनर्जी का तेजी से विकास कर रहे हैं। हमारा टारगेट कार्बन फाइबर में दुनिया की टॉप 3 कंपनियों में शामिल होना है।
- मुकेश अंबानी ने बड़ी घोषणा की है। उन्होंने इंश्योरेंस सेक्टर में जियो फाइनेंस की एंट्री की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि जियो फिन इंश्योरेंस सेक्टर में एंट्री करेगी और इसके लिए ग्लोबल लीडर्स के साथ पार्टनरशिप की जाएगी। उन्होंने कहा कि जियो फाइनेंशियल सर्विसेज के जरिए 142 करोड़ भारतीयों को सुविधा दी जाएगी।
- मुकेश अंबानी की बेटी ईशा अंबानी ने रिलायंस रिटेल लिमिटेड के कारोबार के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि रिलायंस रिटेल की पहुंच 30 फीसदी भारतीयों तक है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में कंपनी ने 5 लाख लैपटॉप बेचे हैं, जबकि वित्त वर्ष 2023 के दौरान 54 करोड़ कपड़े बेचे हैं।
- ईशा अंबानी ने बताया कि रिलायंस रिटेल देश में रोजगार देने में सबसे आगे हैं। उन्होंने कहा कि रिलायंस रिटेल देश में करीब 2.45 लाख लोगों को सीधे तौर पर रोजगार दे रही है। वहीं अप्रत्यक्ष रूप से लाखों लोग इससे कमाई कर रहे हैं।