एक ताजा सर्वे की रिपोर्ट्स के मुताबिक भारत की आर्थिक राजधानी मुंबई देश का सबसे अमीर शहर है। अमीरों की संख्या के मामले में भी यह शहर टॉप पर है। न्यू वर्ल्ड वेल्थ की रिपोर्ट के मुताबिक मुंबई में करोड़पतियों की संख्या 45000 और अरबपतियों की संख्या 28 है। इस मामले में दिल्ली 22 हजार करोड़पतियों और 18 अरबपतियों के साथ दूसरे और बेंगलुरु 7500 करोड़पतियों तथा 8 अरबपतियों के साथ तीसरे नंबर है।सर्वे के आंकड़ों के मुताबिक देश के सबसे धनी शहर मुंबई की कुल संपत्ति (820 बिलियन डॉलर) 55 लाख करोड़ रुपए है। जबकि दिल्ली और बेंगलुरु क्रमश: दूसरे और तीसरे नंबर पर हैं।
दिल्ली की कुल संपत्ति (450 बिलियन डॉलर) 30 लाख, 15 हजार करोड़ रुपए है। वहीं, बेंगलुरु की कुल संपत्ति (320 बिलियन डॉलर) 21 लाख, 44 हजार करोड़ रुपए है। न्यू वर्ल्ड वेल्थ की ओर से जून, 2016 के आधार पर तैयार की गई रिपोर्ट के मुताबिक भारत में रहने वाले अमीरों की कुल संपत्ति (5.6 ट्रिलियन डॉलर) 375 लाख करोड़ रुपए है। वहीं, देश में कुल करोड़पतियों की संख्या 2 लाख 64 हजार और अरबपतियों की संख्या 95 है। रिपोर्ट के मुताबिक भारत के अन्य उभरते हुए शहरों में सूरत, अहमदाबाद, विशाखपतनम, गोवा, चंडीगढ़,जयपुर और बड़ौदा शामिल हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक अगले एक दशक में लोकल फाइनेंशियल सर्विसेज, आईटी, रीयल स्टेट, हेल्थ केयर और मीडिया सेक्टर में ग्रोथ की वजह से भारतीय अर्थव्यवस्था को और मजबूत मिलेगी।खासकर लोकल हॉस्पिटल सर्विसेज और हेल्थ इन्श्योरेंस सेक्टर्स तेजी से उभरेंगे। वहीं, इस दौरान वेल्थ ग्रोथ के मामले में हैदराबाद, पुणे और बेंगलुरू के तेजी से आगे बढ़ने की उम्मीद है। रिपोर्ट में कहा गया है कि कुल संपत्ति से मतलब निजी संपत्ति से है, जो लोगों के पास है। रिपोर्ट में संपत्ति को किसी व्यक्ति की शुद्ध संपत्ति के रूप में परिभाषित किया गया है। इसमें उनकी सभी संपत्ति (अचल संपत्ति, नकद, इक्विटी, बिजनस इंट्रेस्ट) शामिल हैं, जिनमें से बकाए या लोन को घटाया गया है।
करोड़पति या ‘हाइ नेट वर्थ इंडिविजुअल’ ऐसे लोगों को कहा जाता है जिनकी संपत्ति 1 मिलियन अमेरिकी डॉलर (6.7 करोड़ रुपये) या इससे अधिक होती है। वहीं, अरबपति ऐसे लोगों को कहा जाता है जिनके पास 1 बिलियन अमेरिकी डॉलर (6700 करोड़ रुपये) या उससे अधिक की संपत्ति हो। अन्य धनी शहरों में हैदराबाद (310 बिलियन डॉलर) 20 लाख, 77 हजार करोड़ रुपए की कुल संपत्ति और 8200 करोड़पति तथा 7 अरबपति, कोलकाता (290 बिलियन डॉलर) 19 लाख, 43 हजार करोड़ रुपए की कुल संपत्ति और 8600 करोड़पति तथा 10 अरबपति, पुणे (180 बिलियन डॉलर) 12 लाख, 6 हजार करोड़ रुपए की कुल संपत्ति 3900 करोड़पति तथा 5 अरबपति और गुड़गांव (110 बिलियन डॉलर) 7 लाख, 37 हजार करोड़ रुपए की कुल संपत्ति और 3600 करोड़पति तथा 2 अरबपति शामिल हैं।

