कोरोना काल में भले ही अर्थव्यवस्था कमजोर हुई है, लेकिन इस दौरान देश के अरबपतियों की दौलत में इजाफा हुआ है। फोर्ब्स इंडिया की ओर से जारी की गई देश के सबसे अमीर 100 लोगों की सूची में शामिल आधे लोगों की संपत्ति में 14 पर्सेंट तक का इजाफा देखने को मिला है। इसके अलावा रिलायंस इंडस्ट्रीज के मुखिया मुकेश अंबानी लगातार 13वें साल पहले पायदान पर रहे हैं। फोर्ब्स की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि मुकेश अंबानी की दौलत में इस दौरान 73 पर्सेंट का इजाफा हुआ है और अब उनकी संपत्ति 88.7 अरब डॉलर है।
देश भर में लॉकडाउन के दौरान उनकी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में लगातार उछाल आया है। इसका सीधा असर उनकी संपत्ति में देखने को मिला है। कंपनी में शेयरों की बड़ी तेजी रिलायंस जियो और रिलाय़ंस रिटेल में फेसबुक, गूगल समेत कई कंपनियों की ओर से किया गया बड़ा निवेश है। इसके अलावा मुकेश अंबानी ने 24,713 करोड़ रुपये में फ्यूचर ग्रुप के रिटेल बिजनेस को भी खरीदा है।
अंबानी के बाद दूसरे नंबर पर गौतम अडानी हैं, जिनकी दौलत में 61 पर्सेंट का इजाफा हुआ है और उनकी कुल संपत्ति 25.2 अरब डॉलर हो गई है। एयरपोर्ट और पोर्ट्स के संचालन में अग्रणी अडानी ग्रुप ने इस दौरान तेजी से अपने कारोबार का विस्तार किया है। यही नहीं आईटी कंपनी एचसीएल के शिव नाडर भी अमीरों की लिस्ट में तीन पायदान ऊपर आए हैं। उनकी संपत्ति 20.4 अरब डॉलर आंकी गई है।
पूनावाला की हुई टॉप 10 अमीरों में एंट्री: इस बार टॉप टेन अमीरों में नई एंट्री सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के साइरस पूनावाला की है। साइरस पूनावाला की सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया दुनिया की सबसे बड़ी वैक्सीन प्रोड्यूजर है। सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया ऑक्सफोर्ड-एस्ट्राजेनिका और नोवावैक्स की वैक्सीन का भी ट्रायल कर रही है। फोर्ब्स के अनुसार साइरस पूनावाला 11.5 बिलियन डॉलर की संपत्ति के मालिक हैं।
टॉप 10 की लिस्ट से बाहर हुए बिड़ला: आदित्य बिड़ला ग्रुप के कुमार मंगलम बिड़ला इस बार फोर्ब्स के टॉप टेन अमीर भारतीयों की सूची से बाहर हो गए हैं। फोर्ब्स के अनुसार कुमार मंगलम बिड़ला 8.5 बिलियन डॉलर संपत्ति के मालिक हैं। पिछले एक साल में कुमार मंगलम बिड़ला की संपत्ति में 1.1 बिलियन डॉलर की गिरावट देखने को मिली है।
एयरटेल वाले मित्तल की संपत्ति भी बढ़ी: फोर्ब्स के अनुसार पिछले एक साल में भारती एयरटेल सुनील भारती मित्तल की संपत्ति में भी बढ़ोतरी हुई है। फोर्ब्स की लिस्ट के अनुसार सुनील भारती मित्तल 10.2 बिलियन डॉलर की संपत्ति के साथ देश के 11वें सबसे अमीर व्यक्ति हैं।
इनकी दौलत हुई डबल: बॉयो फार्मास्यूटिकल कंपनी बॉयकोन की किरण मजूमदार शॉ की संपत्ति पिछले एक साल में लगभग दोगुनी हो गई है। फोर्ब्स के लिस्ट में 27वें नंबर पर काबिज किरण मजूमदार शॉ 4.6 बिलियन डॉलर की मालिक हैं। पिछले साल किरण मजूमदार शॉ की संपत्ति 2.38 बिलियन डॉलर थी। फोर्ब्स की 100 अमीर भारतीयों के लिस्ट में 9 नए लोग भी शामिल हैं। इनमें इंफो एज इंडिया के संजीव भिखचंदानी, जिरोधा ब्रोकिंग के कामथ बंधु नितिन और निखिल भी शामिल हैं।
