Mukesh Ambani richest person of Asia: भारत में 2019 के हर एक महीने में करीब 3 काराबोरी 1 अरब डॉलर की पूंजी वाले लोगों में शामिल हुए। इस तरह से भारत में अरबपतियों की कुल संख्या 138 हो गई है। यदि विदेशों में रह रहे भारतीय मूल के अरबपतियों को भी जोड़ लिया जाए तो यह संख्या 170 होती है। चीन और अमेरिका के बाद भारत अरबपतियों की संख्या के मामले में दुनिया में तीसरे नंबर पर है। चीन में अरबपतियों की संख्या 799 है, जबकि अमेरिका में 626 अरबपति हैं। हालांकि इस बीच एक दिलचस्प आंकड़ा एशिया और भारत के सबसे अमीर शख्स मुकेश अंबानी को लेकर है।

साल 2019 में औसतन हर घंटे में मुकेश अंबानी की दौलत में 7 करोड़ रुपये का इजाफा दर्ज किया गया। साल भर में भारत में 34 नए लोग अरबपतियों के क्लब में शामिल हुए। रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के मुखिया मुकेश अंबानी की दौलत फिलहाल 67 अरब डॉलर है। Hurun Global Rich List 2020 की रिपोर्ट के मुताबिक दुनिया भर में 2,817 लोग ऐसे हैं, जिनकी कुल संपत्ति 1अरब डॉलर या फिर उससे अधिक है।

दुनिया भर में 2019 में 480 नए अरबपति बिलियनर्स क्लब में शामिल हुए हैं। इस तरह से औसतन देखें तो हर दिन एक से ज्यादा शख्स अरबपतियों के क्लब में शामिल हुआ। एक तरफ चीन में जहां हर सप्ताह तीन लोग अरबपतियों के क्लब में शामिल हुए। वहीं भारत में पड़ोसी देश के मुकाबले रफ्तार करीब एक चौथाई ही रही और एक महीने में औसतन तीन लोग अरबपतियों की सूची में शामिल हुए।

हालांकि चीन में कोरोना वायरस के चलते इस साल आर्थिक सुस्ती का दौर देखने को मिल रहा है। ऐसे में 2020 में भारत की स्थिति चीन के मुकाबले कुछ बेहतर हो सकती है। दुनिया के अमीरों की बात की जाए तो अमेजॉन के सीईओ जेफ बेजोस पहले नंबर पर बने हुए हैं, जबकि मुकेश अंबानी 9वें नंबर पर हैं। जेफ बेजोस की कुल संपदा 140 अरब डॉलर है।